G-20 Summit Patna: विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए पटना तैयार, 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 21 Jun 2023 4:12 AM
G-20 Summit Patna: राजधानी आने वाले विदेशी आगंतुकों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है. पटना की सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है. होटलों मौर्या, पनाश व लेमन ट्री में डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच अभियान चलाया गया. इन्हीं होटलों में आगंतुक ठहरेंगे.
G-20 Summit Patna: जी-20 समूह के लेबर इंगेजमेंट ग्रुप की पटना में हाेने जा रही बैठक में शामिल होने वाले विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए राजधानी पूरी तरह तैयार है. मेहमानों को बिहार म्यूजियम व पटना साहिब गुरुद्वारा का भी दर्शन कराया जायेगा. उनकी बैठक सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र में होगी. पटना पुलिस ने मेहमानों को एयरपोर्ट से गांधी मैदान बैठक स्थल तक लाने के साथ ही होटलों में ले जाने के लिए ट्रैफिक प्लान मंगलवार को जारी कर दिया गया. इसमें मेन रूट के साथ ही दो इमरजेंसी रूट भी बनाये गये हैं.
कई देशों से आने वाले प्रतिनिधियों को पटना एयरपाेर्ट से गांधी मैदान लाने के लिए अटल पथ से जेपी गंगा पथ होते हुए आने-जाने की व्यवस्था की गयी है. उनके रहने के इंतजाम भी गांधी मैदान के आसपास होटल मौर्या, पनास व होटल लेमन ट्री में है. कई विदेशी आगंतुक मंगलवार को ही पटना पहुंच चुके हैं, कई आज पहुंचेगे. इन्हें पटना एयरपोर्ट से पटेल गाेलंबर, आर ब्लाॅक, अटल पथ, गंगा पथ हाेते आयुक्त कार्यालय के सामने से चिल्ड्रेन पार्क, जेपी गाेलंबर हाेते हुए हाेटल माैर्या, होटल पनाश व होटल लेमन ट्री ले जाया जायेगा.
विदेशी आगंतुकों को बिहार म्यूजियम का भी भ्रमण कराया जायेगा. 21 जून काे हाेटल माैर्या से बिहार म्यूजियम जाने के लिए महाराणा प्रताप गाेलंबर, एसपी वर्मा राेड, न्यू डाकबंगला चाैराहा, डाकबंगला चाैराहा, आयकर गाेलंबर होते हुए मेहमानों को बिहार म्यूजियम ले जाने की व्यवस्था की गयी है.
23 जून काे हाेटल माैर्या से पटना साहिब गुरुद्वारा जाने के लिए रामगुलाम चाैक, एग्जीबिशन राेड फ्लाइओवर, चिरैयाटांड पुल, डाॅ आरएन सिंह माेड़, राजेंद्रनगर टर्मिनल, बहादुरपुर आरओबी, अगमकुआं आरओबी, पहाड़ी मोड़, बाइपास थाना माेड़, चाैक शिकारपुर आरओबी, चाैक माेड़ का रूट तय किया गया है.
राजधानी आने वाले विदेशी आगंतुकों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है. पटना की सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है. होटलों मौर्या, पनाश व लेमन ट्री में डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच अभियान चलाया गया. इन्हीं होटलों में आगंतुक ठहरेंगे. एक तरह से इन होटलों को पटना पुलिस ने अपनी सुरक्षा घेरे में ले लिया है. इसके अलावा पटना के तमाम होटलों के साथ ही लॉजों व गेस्ट हाउसों की जांच की जा रही है. किसी भी संदिग्ध के पहुंचने पर सूचना देने की हिदायत दी जा रही है.
Also Read: G-20 Summit Patna: पारंपरिक विधानों से मेहमानों का होगा स्वागत, परोसे जायेंगे कई प्रकार के बिहारी व्यंजन
सुरक्षा को लेकर थाना पुलिस के अलावा 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है. इनकी तैनाती पटना एयरपोर्ट से लेकर सम्राट कन्वेंशन केंद्र और होटलों में हुई है. इसके साथ ही जगह-जगह पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी रहेंगे, ताकि जाम की स्थिति न हो. क्विक रिस्पॉन्स टीम का भी गठन किया गया है, जो किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने को तैयार रहेगी. एसएसपी राजीव मिश्रा ने मंगलवार को पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक की और सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










