ePaper

जंक्शन के पास बनेगा मेट्रो इंटरचेंज स्टेशन, 66 हजार यात्री करेंगे सफर

Updated at : 09 Feb 2026 8:28 AM (IST)
विज्ञापन
Patna Metro

Patna Metro सांकेतिक तस्वीर

Patna Metro: पटना जंक्शन के पास जल्द ही ऐसा मेट्रो स्टेशन आकार लेने जा रहा है, जो न सिर्फ शहर का सबसे बड़ा होगा बल्कि राजधानी की आवाजाही की तस्वीर भी बदल देगा. यहां से रोजाना करीब 66 हजार यात्री मेट्रो के जरिए सफर करेंगे.

विज्ञापन

Patna Metro: पटना मेट्रो परियोजना के तहत जंक्शन के पास बनने वाला स्टेशन पूरे नेटवर्क का सबसे अहम केंद्र बनने जा रहा है. बुद्धा पार्क के समीप बन रहा यह तीन तल वाला स्टेशन इंटरचेंज स्टेशन होगा, जहां से कॉरिडोर वन और कॉरिडोर टू, दोनों के लिए मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी.

इस स्टेशन से शहर के लगभग सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों तक सीधा संपर्क मिलेगा, जिससे यात्रियों का सफर पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.

राजधानी की लाइफलाइन बनेगा यह जंक्शन

पटना मेट्रो का यह स्टेशन तीन लेयर में विकसित किया जा रहा है. पहले तल पर टिकट काउंटर, सुरक्षा जांच द्वार और यात्रियों की मूलभूत सुविधाएं होंगी. इसके ऊपर दूसरे और तीसरे तल पर प्लेटफार्म बनाए जाएंगे, जहां तक पहुंचने के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट की व्यवस्था रहेगी. यात्रियों की भीड़ को संतुलित रखने के लिए दोनों कॉरिडोर के लिए अलग-अलग प्लेटफार्म तैयार किए जा रहे हैं.

फिलहाल साइट पर यूटिलिटी टेस्ट पिट का काम चल रहा है.इस टेस्ट का उद्देश्य जमीन के नीचे बिजली, पानी, सीवर और अन्य लाइनों की पहचान करना है. इसके बाद बड़े स्तर पर मुख्य खुदाई का काम शुरू किया जाएगा.

कौन सा प्लेटफार्म, किस दिशा की मेट्रो

दूसरे तल पर बने प्लेटफार्म से कॉरिडोर टू की मेट्रो सेवाएं मिलेंगी, जो पटना मेट्रो स्टेशन से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक जाएंगी. वहीं तीसरे तल से कॉरिडोर वन की ट्रेनें चलेंगी, जो पटना मेट्रो स्टेशन से दानापुर होते हुए आगे खेमनीचक तक जाएंगी. यह व्यवस्था यात्रियों को बिना स्टेशन बदले दिशा बदलने की सुविधा देगी.

जमीन के नीचे दौड़ेंगी मेट्रो

डाकबंगला चौराहा के पास दोनों कॉरिडोर की मेट्रो ट्रेनें जमीन के अंदर करीब छह मीटर की दूरी पर समानांतर चलेंगी और पटना मेट्रो स्टेशन तक पहुंचेंगी. आकाशवाणी की ओर से आने वाली मेट्रो लगभग 11–12 मीटर नीचे से स्टेशन के दूसरे तल तक पहुंचेगी, जबकि विद्युत भवन की ओर से आने वाली मेट्रो 23–24 मीटर नीचे से तीसरे तल तक आएगी.

टनल नेटवर्क से जुड़ेगा स्टेशन

पटना मेट्रो के इस सबसे बड़े स्टेशन से तीन टनल जुड़ेंगी. इनमें से एक टनल आकाशवाणी की दिशा में बनकर तैयार हो चुकी है. मीठापुर और बिजली भवन की ओर जाने वाली दो अन्य टनलों के लिए खुदाई का काम अभी शुरू होना बाकी है. यह पूरा नेटवर्क स्टेशन को मेट्रो सिस्टम का मुख्य जंक्शन बना देगा.

Also Read: नितिन नवीन के आने से पहले पटना में बदली ट्रैफिक व्यवस्था, घर से निकलने के पहले जानिए वैकल्पिक रूट

विज्ञापन
Pratyush Prashant

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन