झारखंड से अफीम तो लखीसराय से भेजा जाता था हथियार, दो तस्कर गिरफ्तार

Updated at : 19 Jul 2023 10:35 PM (IST)
विज्ञापन
झारखंड से अफीम तो लखीसराय से भेजा जाता था हथियार, दो तस्कर गिरफ्तार

गिरफ्तार अपराधी झारखंड से अफीम व लखीसराय से हथियार की तस्करी करता है. इस संबंध में बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में एसपी पंकज कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मंगलवार को बड़हिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति लखीसराय से बड़हिया के ताजपुर गांव बाइक से जा रहे हैं.

विज्ञापन

लखीसराय. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को बड़हिया थाना क्षेत्र के इंदुपुर ताजपुर से दो लोगों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया. वहीं कार्रवाई के दौरान तीसरा व्यक्ति फरार होने में कामयाब रहा. गिरफ्तार अपराधी झारखंड से अफीम व लखीसराय से हथियार की तस्करी करता है. इस संबंध में बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में एसपी पंकज कुमार ने प्रेस वार्ता कर बताया कि मंगलवार को बड़हिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति लखीसराय से बड़हिया के ताजपुर गांव बाइक से जा रहे हैं. सूचना के बाद एएसपी रौशन कुमार के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया.

रिष्टू कुमार के घर पर छापेमारी

छापेमारी टीम ने इंदुपुर ताजपुर वार्ड-24 निवासी कौशल किशोर सिंह के पुत्र रिष्टू कुमार के घर पर छापेमारी कर रिष्टू कुमार के साथ झारखंड राज्य के चतरा जिला अंतर्गत जोड़ी थाना के पोस्तिया गांव निवासी रन्नु यादव के पुत्र गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया. वहीं ताजपुर वार्ड-24 निवासी रामसेन सिंह का पुत्र रंजीत सिंह भागने में सफल रहा. छापेमारी के दौरान गिरफ्तार लोगों के पास से एक पिस्टल, 7.85 एमएम का चार कारतूस, एक मैगजीन, 60 हजार रुपये नकद के साथ एक हीरो कंपनी की बाइक बीआर 53 एफ 7643 को बरामद किया गया.

अफीम व हथियार की तस्करी करता था रंजीत सिंह

गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ के क्रम में जानकारी मिली कि रंजीत सिंह अफीम व हथियार की तस्करी रिष्टू के साथ मिलकर करता है. झारखंड के चतरा निवासी गुड्डू कुमार के माध्यम से चतरा से अफीम मंगाता है और इधर से हथियार की सप्लाई करता है. इन लोगों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर मुंगेर व जैतुपर के कुछ लोगों का नाम हथियार तस्करी में सामने आया है, जो रिष्टू कुमार के माध्यम से हथियार की सप्लाइ बिहार व बिहार के बाहर भी अन्य राज्यों में करता है. इसका सत्यापन पुलिस की ओर से किया जा रहा है. प्रेस वार्ता के दौरान बड़हिया थानाध्यक्ष चंदन कुमार भी मौजूद थे.

जहानाबाद-गया से हथियारों की खेप बरामद

इधर, दूसरी ओर बिहार एसटीएफ की स्पेशल टीम ने जहानाबाद की पुलिस के साथ मिलकर एक साथ 5 हथियार तस्करों को पकड़ा है. इनमें एक आर्मी का पूर्व जवान भी है. इनके पास से हथियारों की खेप को बरामद किया है. साथ ही गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में इनकी निशानदेही पर टीम ने गया में छापेमारी की. वहां से भी हथियारों के खेप को बरामद किया है. बड़ी बात ये है कि पकड़े गए हथियार तस्कर राज्य के दियारा इलाकों में अपनी पैठ बना चुके थे. दियारा इलाके में ही लंबे वक्त से हथियारों की सप्लाई कर रहे हैं. एक हथियार को 2 लाख और इससे अधिक की कीमत में बेच रहे थे.

बबलू यादव है सरगना

एसटीएफ के अनुसार हथियार तस्करों के इस गैंग का मेन सरगना कुख्यात बबलू यादव है. इसका मुख्य साथी तेजमणि कुमार है. बाढ़ के भटगांव का रहने वाला तेजमणि कुमार आर्मी का पूर्व जवान है. आर्मी का हथियार लेकर पहले ये फरार हुआ था. दरअसल, एसटीएफ को हथियारों के साथ तस्करों के जहानाबाद के हुलासगंज थाना इलाके में जमा होने की सूचना थी. इसी इनपुट के आधार पर कार्रवाई हुई. ज्वाइंट ऑपरेशन के तहत एक ठिकाने पर छापेमारी की गई.

मुकेश तिवारी को गिरफ्तार किया

वहां से कुख्यात हथियार तस्कर व पटना के सालिमपुर का रहने वाला बब्लू यादव, घोसवरी का तरूण कुमार, बाढ़ का तेजमणि कुमार, नालंदा के इस्लामपुर का रवींद्र कुमार और दीप नगर के मुकेश तिवारी को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से एक 1. 315 का रेगुलर राइफल, एक पीस दो नाली बंदूक, 7.65एमएम की एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 315 बोर की 4 गोली, 7.65 बोर की 17 गोली, 12 बोर की 2 गोली और एक स्कॉर्पियो को बरामद किया गया है.

गया का मुबस्सिर आलम फरार

पकड़े जाने के बाद इन हथियार तस्करों से पूछताछ की गई. तब पता चला कि गया के बेलागंज थाना के तहत अंगधा टोला शेखा बीघा के रहने वाले मुबस्सिर आलम से इन लोगों ने बरामद हथियारों को खरीदा था. इसके बाद ही गया में छापेमारी की गई. वहां से मुबस्सिर आलम फरार मिला, पर जब उसके घर को खंगाला गया तो वहां से एक देसी पिस्टल, दो सिक्सर, दो देशी पिस्टल, एक अर्ध निर्मित सिक्सर, दो गोली, 7 खोखा और हथियार बनाने के सामान बरामद हुए. अब फरार मुबस्सिर की तलाश चल रही है. इसके पकड़े जाने के बाद पता चल पाएगा कि वो हथियार कहां से लाया करता था.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन