बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री रखे हैं राइफल, नीतीश सरकार की महिला मंत्री भी हैं हथियारों के शौकीन

Updated at : 01 Jan 2025 10:34 AM (IST)
विज्ञापन
deputy minister weapon| Women ministers are also fond of weapons

विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी की तस्वीर

Bihar News: बिहार सरकार के सभी मंत्रियों ने 31 दिसंबर को अपनी संपत्ति का ब्योरा साझा किया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह व्यवस्था लागू की है. रिपोर्ट के मुताबिक नीतीश सरकार की महिला मंत्री भी हथियार रखी हैं. वहीं दोनों उपमुख्यमंत्री के पास राइफल है.

विज्ञापन

Bihar News: बिहार सरकार के सभी मंत्रियों ने 31 दिसंबर को अपनी संपत्ति का ब्योरा साझा किया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने यह व्यवस्था लागू की है, इसके तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित सभी मंत्री हर वर्ष 31 दिसंबर को अपनी संपत्ति की जानकारी देते हैं. सभी मंत्रियों की संपत्ति का ब्योरा सरकारी वेबसाइट पर मंगलवार की देर शाम जारी कर दी गयी. वेबसाइट पर जारी ब्योरे के मुताबिक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संपत्ति के मामले में अपने कई मंत्रियों से पीछे हैं. ज्यादातर मंत्री हथियार और गाड़ियों के शौकीन हैं. कई मंत्रियों के पास रिवाल्वर, पिस्तौल और राइफल है.

23 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति के मालिक हैं संतोष सिंह

श्रम मंत्री संताेष कुमार सिंह के पास नकद 55 हजार रुपये हैं. वे हथियारों के भी शौकीन हैं. संतोष सिंह के पास करीब साढ़े 23 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्ति है. इनमें कई प्लाट और कमर्शियल प्लाट शामिल हैं. इनके पास 75 हजार रुपये की कीमत की पिस्तौल और एक लाख रुपये की राइफल भी है. बैंकों में इनके खाते में दो लाख 99 हजार रुपये जमा हैं. 2012 में खरीदी टोयटा इनोवा और 2024 में 24 लाख रुपये में खरीदी गयी महिंद्रा स्कार्पियो के भी वे मालिक हैं. इनके ऊपर विभिन्न बैंकिंग संस्थाओं का करीब आठ करोड़, 81 लाख रुपये का कर्ज भी है.

हाथ में नकद पैसे नहीं रखते उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा

उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा अपने हाथ में नकद पैसे नहीं रखते. कैबिनेट विभाग की बेवसाइट पर जारी अपनी संपत्ति के ब्योरे में उन्होंने यही बताया है. श्री सिन्हा के तीन बैंक खाते में साढ़े चार लाख रुपये जमा हैं.वहीं पत्नी के बैंक खाते में 21 लाख रुपये हैं. इनके पास जो सोना है उसकी कीमत दो लाख 79 लाख रुपये और पत्नी के पास 13.55 हजार रुपये कीमत की ज्वेलरी है. विजय सिन्हा के पास रिवाल्वर और राइफल भी है.

सम्राट और उनकी पत्नी के पास 63 लाख के जेवर

उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास चार लाख रुपये कीमत की छह बोर की राइफल है. उनके पास एक बोलेरो गाड़ी भी है, जिसकी कीमत 13 लाख है. सम्राट चौधरी के बैंक खाते में 20 लाख जमा हैं. 13.86 लाख के बांड भी इनके नाम है. डिप्टी सीएम के पास चार सौ ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 28 लाख है. पत्नी के पास 35 लाख की सोने की और आठ लाख की चांदी की ज्वेलरी है. सम्राट चौधरी ने 2023-24 में एक लाख 54 हजार रुपये का आय कर जमा किया है.

बिजेंद्र यादव के बैंक खाते में 2 करोड़ 16 लाख रुपए

ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव के बैंक खाते में 2 करोड़ 16 लाख रुपये हैं. इनमें सुपौल के बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में 95 हजार और एसबीआइ के विधानमंडल शाखा के खाते में दो करोड़ 15 लाख जमा है. इनके पास पंद्रह ग्राम सोना है, जिसकी कीमत डेढ़ लाख रुपये है. अचल संपत्ति में 30 लाख रुपये की खेतिहर जमीन, सुपौल में चालीस लाख का मकान और 18 लाख रुपये की कमर्शियल संपत्ति है.

डॉ दिलीप जायसवाल की तीन शहरों में संपत्ति

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिलीप कुमार जायसवाल की उम्र 61 साल है और वे स्वयं करोड़पति हैं. उनके पास पांच करोड़ 19 लाख 56 हजार 191 रुपये बाजार मूल्य की चल और अचल संपत्ति है. उनके पास नयी दिल्ली के मेहरौली में 1.12 एकड़ जमीन सहित किशनगंज और सिलीगुड़ी में फ्लैट और मकान है.

Also Read: बिहार में 30 लाख से अधिक दीदियां बनीं लखपति, एक फीसदी ब्याज से सुधरा आर्थिक हालात

मंत्री नितिन नवीन स्कॉर्पियो और इनोवा के शौकीन

नगर आवास एवं विकास विभाग के मंत्री नितिन नवीन के पास अपना मकान और खेती की जमीन नहीं है. वे स्कॉर्पियो और इनोवा के शौकीन हैं. उनके पास कुल एक करोड़ पांच लाख 19 हजार 235 रुपये की चल और अचल संपत्ति है. उन पर 53 लाख 15 हजार 750 रुपये का लोन है. उनकी पत्नी के पास खेती की जमीन और कृष्णानगर में एलआइजी प्लॉट और दरियापुर में एक प्लॉट है.

मंत्री लेशी सिंह के पास है राइफल और बंदूक

खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री लेशी सिंह के पास कुल दो कराेड़ 26 लाख 98 हजार 897.63 रुपये कीमत की चल और अचल संपत्ति है. वे राइफल और दो नाली बंदूक की शौकीन हैं. उनके पास 0.315 बोर की करीब 75 हजार रुपये कीमत की राइफल और 20 हजार रुपये कीमत की दोनाली बंदूक है. उनके पास एक फारच्युनर, एक बोलेरो, एक महिंद्रा रेक्सटान सहित दो ट्रक हैं.

मंगल पांडेय के पास रायफल, पत्नी के पास पटना में फ्लैट

कृषि व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के पास 39 हजार व उनकी पत्नी के पास 48 हजार रुपये कैश हैं. इसके अलावा मंत्री के पास 1.71 लाख रुपये की एफडी और बैंकिंग इंवेस्टमेंट है. श्री पांडेय के पास 240 ग्राम सोना है. उनकी पत्नी के पास 680 ग्राम सोना व सात किलो चांदी है. मंत्री के पास रायफल व दिल्ली में फ्लैट है. उनकी पत्नी के पास पटना में फ्लैट है. साइंटिफिक एंड स्पोटर्स में उनकी 50 फीसदी की हिस्सेदार हैं.

रेणु देवी के पास पिस्टल व रायफल भी

पशु व मत्स्य संसाधन मंत्री रेणु देवी के पास 8.35 लाख रुपये नगद और बैंक में 8.39 हजार रुपये हैं. उनके पास एक इनोवा और स्कॉर्पियो गाड़ी है. उन्होंने अपने पास रायफल और पिस्टल भी रखा है. कोलकाता में प्लॉट और पटना में एक फ्लैट है. पिपरा पकड़ी में सात जगहों पर और पटना के फुलवारीशरीफ में जमीन है.

Also Read: 50 साल पुराने दोस्त से मिलने पहुंचे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, फ्रेंड ने कहा छोटा आदमी…

संतोष सुमन के पास रायफल व रिवॉल्वर, बैंक में 48 लाख जमा

आपदा प्रबंधन, लघु जल संसाधन व आइटी मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन के पास 49 हजार पांच सौ और पत्नी के पास 40 हजार रुपये नगद हैं. उनके पास बैंकों में जमा राशि और एफडी मिलाकर कुल 43 लाख 98 हजार और पत्नी के पास सात लाख 82 हजार रुपये हैं. लगभग साढ़े चार लाख रुपये मंत्री ने विभिन्न शेयर में इंवेस्ट किये हैं. मंत्री के पास एक स्कॉर्पियो और पत्नी के पास इन्नोवा है. श्री सुमन के पास 250 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी है. पत्नी के पास 475 ग्राम सोना और एक किलो चांदी है. उनके पास एक रायफल और एक रिवॉल्वर भी है. 5.25 एग्रीकल्चर लैंड, बोधगया में दो और पटना में दो प्लॉट के भी वे मालिक हैं.

नीरज सिंह फॉर्च्यूनर, रायफल व पिस्टल के मालिक

पीएचइडी मंत्री नीरज कुमार सिंह के पास 1.45 लाख रुपये कैश एक फॉर्च्यूनर कार, एक मोटरसाइकिल, एक रायफल और एक पिस्टल है. उनके पास कुल चल संपत्ति दो करोड़ 43 लाख 11 हजार 184 रुपये हैं. मंत्री के पास 7 करोड़ 74 लाख 22 हजार 312 रुपये की अचल संपत्ति है. चल और अचल संपत्ति जोड़कर 10 करोड़ 17 लाख 33 हजार 496 रुपये की कुल संपत्ति है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

विज्ञापन
Abhinandan Pandey

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन