एनएच-20 को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान शुरू, जेसीबी चली तो मचा हड़कंप

Updated:
विज्ञापन

अतिक्रमण के मलबे को ले जाती अर्थ मूवर मशीन

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Nawada News : एनएच-20 को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान शुरू, जेसीबी चली तो मचा हड़कंप

विज्ञापन

Nawada News : राष्ट्रीय राजमार्ग-20 (बख्तियारपुर-रजौली फोरलेन) को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए बुधवार से जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) का संयुक्त अभियान शुरू हो गया. अभियान की शुरुआत शहर के खराट मोड़ से की गई, जिसे पहले चरण में मस्तानगंज तक चलाया जा रहा है. जैसे ही जेसीबी मशीनें और भारी पुलिस बल सड़क पर उतरे, वर्षों से सड़क किनारे अतिक्रमण कर व्यवसाय चला रहे लोगों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया. कार्रवाई शुरू होते ही कई लोगों ने स्वयं अपना सामान और अस्थायी ढांचे हटाने शुरू कर दिए.

विज्ञापन

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली कार्रवाई

अभियान के दौरान सदर अंचलाधिकारी गरिमा गीतिका के नेतृत्व में एनएचएआई के अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. अर्थमूवर मशीनों की मदद से सड़क किनारे किए गए अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को हटाया गया. प्रशासन ने अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे.

Also Read : औरंगाबाद के मदनपुर में सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई ईको, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के आलोक में चल रहा अभियान

राष्ट्रीय राजमार्गों को सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के उद्देश्य से सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है. एनएचएआई के परियोजना निदेशक सुभाष मीणा द्वारा जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद अभियान की रूपरेखा तैयार की गई. जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.

260 अतिक्रमणकारियों को पहले ही भेजा गया था नोटिस

एनएचएआई के सर्वेक्षण में खराट मोड़ से रजौली तक 47.225 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 260 अतिक्रमणकारियों की पहचान की गई थी. इनमें 100 से अधिक लोगों द्वारा स्थायी निर्माण किए जाने की पुष्टि हुई है. सभी संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का अवसर दिया गया था. अभियान के दौरान अवैध मकान, दुकान, होटल, ढाबा, गुमटी, चबूतरा, रैंप, टीन शेड, अवैध पार्किंग तथा सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री सहित हर प्रकार के अतिक्रमण को हटाया जा रहा है.

Also Read : औरंगाबाद में 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से एक महिला की मौत, दो झुलसीं

तीन चरणों में पूरा होगा अभियान

प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटाने का अभियान तीन चरणों में संचालित किया जाएगा. पहले चरण में खराट मोड़ से मस्तानगंज तक कार्रवाई की जा रही है. इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एनएच-20 के अन्य हिस्सों को भी अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा, ताकि पूरे मार्ग पर यातायात सुचारु और सुरक्षित हो सके.

दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी सख्त कार्रवाई

सदर अंचलाधिकारी गरिमा गीतिका ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है. उन्होंने कहा कि सड़क को अतिक्रमण मुक्त रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है. प्रशासन का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा. यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाकर प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की.

Also Read : मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर औरंगाबाद में 300 से ज्यादा सफाईकर्मी बैठे हड़ताल पर, नगर परिषद-कार्य एजेंसी पर लगा शोषण का आरोप


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन