नवादा: चार दिनों से बिजली गुल, मड़वा मोड़ पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, 24 घंटे में ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन
पकरीबरावां के मड़वा मोड़ पर बिजली संकट को लेकर सड़क जाम करते ग्रामीण
भीषण गर्मी के बीच चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित होने से नाराज मड़वा गांव के ग्रामीणों ने पकरीबरावां-कौआकोल पथ को जाम कर दिया. ट्रांसफार्मर जलने की समस्या से परेशान ग्रामीणों को 24 घंटे में नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त हुआ.
Nawada Power Outage: भीषण गर्मी के बीच चार दिनों से बिजली आपूर्ति बाधित रहने से नाराज मड़वा गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने बुधवार को मड़वा मोड़ के समीप पकरीबरावां-कौआकोल पथ को जाम कर दिया. दोपहर करीब एक बजे सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. करीब तीन घंटे तक आवागमन बाधित रहा.
आपके शहर में
एक माह से ट्रांसफार्मर जलने की समस्या
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब एक माह से ट्रांसफार्मर जलने की समस्या बनी हुई है. विभाग की ओर से बार-बार कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया जाता है, जो ओवरलोड के कारण कुछ ही दिनों में जल जाता है. इस बार भी पिछले चार दिनों से ट्रांसफार्मर जला पड़ा है, लेकिन अब तक उसे बदलने की पहल नहीं की गयी है.
गर्मी में बच्चे-बुजुर्ग बेहाल
बिजली आपूर्ति ठप रहने से गांव में पेयजल आपूर्ति और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है. पंखे और कूलर बंद रहने के कारण भीषण गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं परेशान हैं. ग्रामीणों का कहना है कि लगातार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.
थानाध्यक्ष के आश्वासन पर खत्म हुआ जाम
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पकरीबरावां थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रंजन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी. इसके बाद कनीय अभियंता से फोन पर बात की. कनीय अभियंता से बातचीत के बाद थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों को 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाने का आश्वासन दिया.
आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया. करीब चार बजे सड़क पर आवागमन दोबारा शुरू हुआ. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो वे फिर से सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
Also Read : VIDEO: ‘छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’, प्रशांत किशोर बोले- TRE समेत जायज मांगें माननी होंगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए