नवादा: प्रभात खबर की खबर का असर, बिस्कोमान में शुरू हुआ खाद वितरण; किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बिस्कोमान केंद्र से खाद लेकर लौटते किसान
नवादा में चार दिनों से खाद के लिए भटक रहे किसानों को आखिरकार राहत मिली है. प्रभात खबर में खबर छपने के बाद प्रशासन हरकत में आया और बिस्कोमान केंद्र पर खाद वितरण सामान्य रूप से शुरू हो गया है. किसानों की समस्याओं को देखते हुए अब आधार कार्ड और टोकन सिस्टम से खाद बांटी जा रही है.
Nawada biskoman fertilizer distribution: प्रभात खबर में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में आया. रजौली प्रखंड मुख्यालय के अर्चना होटल परिसर स्थित बिस्कोमान कृषि सेवा केंद्र पर मंगलवार से खाद वितरण सामान्य रूप से शुरू हो गया. चार दिनों से खाद के लिए भटक रहे किसानों को आखिरकार राहत मिली.
आपके शहर में
दरअसल, किसानों ने सोमवार को बताया था कि वे शुक्रवार से लगातार खाद के लिए बिस्कोमान केंद्र का चक्कर लगा रहे थे. वितरण में अनियमितता के कारण उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. किसानों की परेशानी को देखते हुए प्रभात खबर ने इस खबर को प्राथमिकता से प्रकाशित किया था.
मंगलवार से सामान्य हुआ खाद वितरण
खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार सुबह से ही बिस्कोमान मैनेजर सतीश कुमार ने किसानों के बीच खाद का वितरण शुरू कर दिया. शिवनारायण बिगहा की रामफुलवा देवी, बहादुरपुर के मिथुन कुमार व चमेली देवी, प्राणचक की कांति देवी, गैरिबा की तारो देवी, भाईजी भित्ता के सिद्धेश्वर चौधरी, कोनीवर के जनार्दन मांझी व सुरेंद्र समेत सैकड़ों किसानों ने खाद प्राप्त की. खाद मिलने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली और उनके चेहरों पर खुशी नजर आयी.
आधार कार्ड से वितरण, लागू किया गया टोकन सिस्टम
बिस्कोमान मैनेजर सतीश कुमार ने बताया कि रविवार को केंद्र बंद था और सोमवार को खाद की नयी ट्रक पहुंची थी. इसी कारण सोमवार को वितरण बाधित रहा. उन्होंने बताया कि केंद्र में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है.
उन्होंने कहा कि किसानों से आधार कार्ड लेकर खाद का वितरण किया जा रहा है. लंबी कतारों से बचने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है. किसान आवश्यक कागजात जमा करने के बाद अपने नंबर का इंतजार कर खाद प्राप्त कर रहे हैं. मैनेजर ने स्थानीय किसानों से अपील की कि वे अपनी जरूरत के अनुसार केंद्र पर आकर खाद ले सकते हैं. खाद वितरण सामान्य होने के बाद किसानों ने राहत महसूस की.

Also Read : VIDEO: ‘छात्रों की आवाज दबा नहीं सकती सरकार’, प्रशांत किशोर बोले- TRE समेत जायज मांगें माननी होंगी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए