गोविंदपुर में पानी की सप्लाई ठप, 50 हजार गैलन क्षमता वाली जलमीनार बंद, पांच वार्डों में गहराया पेयजल संकट
जलमीनार की तस्वीर
Nawada News : भीषण गर्मी में गोविंदपुर में गहराया पेयजल संकट, जलमीनार की मोटर खराब होने से 1400 उपभोक्ताओं की जलापूर्ति ठप.
नवादा से जावेद नजफ की रिपोर्ट
Nawada News : भीषण गर्मी के बीच गोविंदपुर बाजार में पेयजल संकट गहरा गया है. सकरी नदी किनारे स्थित लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) की 50 हजार गैलन क्षमता वाली जलमीनार से पिछले दो दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है. शुक्रवार की संध्या जलमीनार की मोटर में तकनीकी खराबी आने के बाद से पूरे बाजार क्षेत्र में जलापूर्ति बंद हो गई है, जिससे हजारों लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं. बताया जाता है कि इस जलमीनार से गोविंदपुर बाजार के पांच वार्डों के लगभग 1400 कनेक्शनधारी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जाता है. जलापूर्ति बंद होने के कारण लोगों के सामने पीने के पानी के साथ-साथ दैनिक घरेलू कार्यों के लिए भी गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है.
जलमीनार की मोटर खराब, मीठे पानी के लिए तरस रहे 1400 उपभोक्ता
सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है. कनेक्शनधारी उमा देवी ने बताया कि जलमीनार का पानी मिलने से घर का सारा काम आसानी से हो जाता था, लेकिन मोटर खराब होने के बाद घर में पानी की गंभीर किल्लत हो गई है. वहीं राधा देवी ने कहा कि जलमीनार का पानी मीठा और पूरी तरह पीने योग्य है. घर के सभी सदस्य इसी पानी का उपयोग पीने और खाना बनाने में करते हैं। अब पानी नहीं मिलने से काफी परेशानी हो रही है. स्थानीय निवासी तरन्नुम प्रवीण ने बताया कि यह पहली बार नहीं है. इससे पहले भी तीन बार मोटर खराब होने की समस्या सामने आ चुकी है, जिसके कारण लगभग 10 दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही थी.
10 साल पुरानी मोटर बनी परेशानी की जड़, बार-बार ठप हो रही जलापूर्ति
अब एक बार फिर वही स्थिति उत्पन्न हो गई है. शब्बू प्रवीण ने कहा कि उनके घर में चापाकल नहीं है, इसलिए पूरी तरह जलमीनार की आपूर्ति पर निर्भर रहना पड़ता है. पानी बंद होने के कारण दूसरे के घरों से पानी लाना पड़ रहा है. उन्होंने विभाग से जल्द मोटर की मरम्मत कराने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलमीनार में लगा मोटर लगभग 10 वर्ष पुराना हो चुका है. इसी कारण उसमें बार-बार तकनीकी खराबी आती रहती है और हर बार मरम्मत में कई दिनों का समय लग जाता है. लोगों ने विभाग से पुराने मोटर को बदलकर नया मोटर लगाने की मांग की है, ताकि बार-बार होने वाली इस समस्या से स्थायी समाधान मिल सके.
पीएचईडी ने जल्द जलापूर्ति बहाल करने का दिया भरोसा
इस संबंध में पीएचईडी के एसडीओ प्रिंस कुमार ने बताया कि जलमीनार की मोटर जलने की सूचना मिली है. मोटर की मरम्मत के लिए संवेदक को निर्देश दिया गया है और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि तकनीकी रूप से मोटर की सामान्य आयु लगभग 30 वर्ष तक होती है. गौरतलब है कि गोविंदपुर जलमीनार की मोटर पहले भी कई बार खराब हो चुकी है. हर बार मरम्मत में एक सप्ताह से 10 दिन तक का समय लगने के कारण पूरे बाजार क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति बाधित रहती है. ऐसे में इस बार भी लोगों की नजर विभाग की कार्यशैली पर टिकी हुई है. अब देखना होगा कि पीएचईडी विभाग कितनी जल्दी मोटर को दुरुस्त कर जलापूर्ति बहाल कर पाता है, ताकि भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके.
Also Read : नवादा में घर के दरवाजे पर खड़े युवक पर जानलेवा हमला, सिर में लगे चार टांके
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










