नवादा: लग्जरी कार के तहखाने से 121.68 लीटर शराब बरामद, तस्कर गिरफ्तार

Author Kr manish dev|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
लग्जरी कार में बने तहखाने से 676 टेट्रा पैक में बंद 121.68 लीटर शराब बरामद

जब्त शराब व कार के साथ गिरफ्तार तस्कर | Prabhat Khabar Network

नवादा जिले में उत्पाद विभाग को एक बड़ी सफलता मिली है. लग्जरी कार के विशेष तहखाने से 121 लीटर से अधिक विदेशी शराब जब्त की गई है. इस मामले में एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है.

विज्ञापन

Nawada News: नवादा जिले के बिहार-झारखंड सीमावर्ती क्षेत्र चितरकोली स्थित समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. टीम ने एक महिंद्रा मराजो लग्जरी कार में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने से तस्करी की जा रही शराब की एक बड़ी खेप को जब्त किया है. इसके साथ ही मौके से एक अंतरराज्यीय शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है.

सघन वाहन जांच में कार्रवाई

नवादा के उत्पाद अधीक्षक गणेश चंद्रा ने बताया कि सूबे में मद्य निषेध कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर झारखंड की ओर से आने वाले प्रत्येक छोटे-बड़े वाहन की सघन जांच की जाती है. इसी क्रम में मंगलवार को उत्पाद इंस्पेक्टर अमृत कुमार गुप्ता के नेतृत्व में जांच टीम ने झारखंड की ओर से आ रही लग्जरी कार संख्या जेएच12के-2560 को जांच के लिए रोका था.

सीटों के नीचे बना तहखाना

नवादा की उत्पाद टीम द्वारा जब कार की बारीकी से तलाशी ली गई, तो कार की सभी सीटों के नीचे बने विशेष तहखानों और बैक इंडिकेटरों के पीछे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई. जब्त खेप में 180 एमएल वाले ऑफिसर्स चॉइस ब्रांड के कुल 676 टेट्रा पैक मिले हैं. बरामद की गई इस विदेशी शराब की कुल मात्रा 121.68 लीटर आंकी गई है.

बोकारो का तस्कर हुआ गिरफ्तार

नवादा पुलिस ने शराब और लग्जरी कार को जब्त करने के साथ ही कार चला रहे तस्कर को भी दबोच लिया. उसकी पहचान झारखंड के बोकारो जिले के पेंक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोनियटो गांव निवासी चिंतामन साव के पुत्र संजय कुमार साव के रूप में हुई है. गिरफ्तार तस्कर ने कुबूल किया कि वह शराब की यह बड़ी खेप बोकारो से लेकर नवादा शहर में खपाने जा रहा था.

भेजा जाएगा न्यायिक हिरासत में

नवादा के रजौली थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई के बाद जब्त शराब व लग्जरी कार सहित गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध बिहार उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए तस्कर से नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ की जा रही है और बुधवार को उसे विधिवत न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा.

Also Read: रजौली में किसानों और खाद विक्रेताओं की बैठक, तय कीमत से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई


विज्ञापन
Kr Manish Dev

लेखक के बारे में

By Kr Manish Dev

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन