कौआकोल बाजार की जर्जर सड़क बनी मुसीबत, जलजमाव और अतिक्रमण से राहगीर परेशान

Author Dashrath mistri|Edited by Yuvraj Ratan
Updated:
विज्ञापन
बारिश से बदहाल हुई कौआकोल- पकरीबरावा  की मुख्य सड़कें,

सड़क पर जलजमाव की तस्वीर

Nawada News : कौआकोल बाजार से पकरीबरावां मुख्य पथ की जर्जर स्थिति लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। लगातार बारिश, जल निकासी की कमी और अतिक्रमण के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या है, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया है।

विज्ञापन

Nawada News : कौआकोल प्रखंड मुख्यालय स्थित कौआकोल बाजार से पकरीबरावां मुख्य पथ तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. लगातार हो रही बारिश, जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और जगह-जगह अतिक्रमण के कारण सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. इससे राहगीरों, दुकानदारों, छात्र-छात्राओं और वाहन चालकों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

जलजमाव और गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

कौआकोल बाजार के दुर्गा मंडप गली के प्रवेश द्वार से लेकर जेपी चौक, कोल्हुआवर होते हुए बड़राजी तक लगभग पूरे मार्ग की सड़क जर्जर हो चुकी है. कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी जमा रहने से सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता. ऐसे में विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने और दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है. स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग पर आए दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं.

व्यापार और आमजन दोनों हो रहे प्रभावित

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति का सीधा असर उनके व्यवसाय पर पड़ रहा है. कीचड़ और जलजमाव के कारण ग्राहक बाजार आने से बच रहे हैं. वहीं पैदल चलने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को भी आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. बारिश के दौरान इस सड़क पर चलना किसी चुनौती से कम नहीं रह गया है.

अतिक्रमण और बंद नालियां बनीं बड़ी वजह

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा रहता है. उनका कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाती और अतिक्रमण हटाया जाता, तो यह समस्या उत्पन्न नहीं होती. स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन ने कुछ स्थानों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जरूर की है, लेकिन वर्षों से भूरहा नाला पर हुए अतिक्रमण के कारण बारिश और घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है. इससे बाजार क्षेत्र में नारकीय स्थिति बन गई है और राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

सड़क मरम्मत और नाला अतिक्रमण हटाने की मांग

कौआकोल बाजारवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत, भूरहा नाला से अतिक्रमण हटाने तथा जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यह मार्ग प्रखंड मुख्यालय का प्रमुख संपर्क मार्ग है. इसलिए इसके रखरखाव और मरम्मत पर प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके.

Also Read : नवादा में कुर्की-जब्ती करने पहुंची पुलिस के सामने नशे में पहुंचा फरार वारंटी, गिरफ्तार



विज्ञापन
Dashrath Mistri

लेखक के बारे में

By Dashrath Mistri

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन