नवादा : ‘हिसुआ को हिरोशिमा नहीं बनने देंगे’, पियुष हत्याकांड पर विधायक अनिल सिंह ने विवादित बयानों पर जताई नाराजगी

Updated:
विज्ञापन

प्रेस वार्ता करके जानकारी देते विधायक अनिल सिंह | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने पियुष हत्याकांड के बाद उत्पन्न विवादों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि अपराध की सजा कानून द्वारा दी जानी चाहिए, किसी व्यक्ति या भीड़ द्वारा नहीं. विधायक ने घटना को जातीय रंग देने की कोशिशों की कड़ी निंदा की है.

विज्ञापन

नवादा जिले के हिसुआ गोलीकांड में छात्र प्रणय भारती उर्फ पियुष की हत्या के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक मंचों पर चल रहे आरोप-प्रत्यारोप के बीच हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी प्रतिक्रिया दी.

विज्ञापन

उन्होंने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि अपराध चाहे किसी ने भी किया हो, कार्रवाई कानून के तहत होनी चाहिए. किसी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

विधायक ने दो टूक कहा कि “किसी भी सूरत में हिसुआ को हिरोशिमा नहीं बनने देंगे.” उन्होंने कहा कि हिसुआ की पहचान सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और विकास के लिए है. कुछ लोग इस दुखद घटना को जातीय रंग देकर सामाजिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा.

कॉलेज विवाद को जातीय रंग देने की कोशिश

अनिल सिंह ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर यह मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा था, लेकिन घटना के बाद सोशल मीडिया पर इसे जातीय संघर्ष का रूप देने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोगों को ऐसे प्रयासों से सावधान रहने की जरूरत है.

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल और उन्माद फैलाने वाली टिप्पणियां हिसुआ के शांतिपूर्ण माहौल के लिए ठीक नहीं हैं. विधायक ने युवाओं से विशेष रूप से संयम बरतने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर की गई कार्रवाई

विधायक ने कहा कि घटना के समय वे हिसुआ में मौजूद नहीं थे. जानकारी मिलते ही उन्होंने संबंधित वार्ड के पार्षद विनोद कुमार सहित स्थानीय लोगों से संपर्क किया और घायल को बेहतर इलाज दिलाने के लिए तत्काल अस्पताल ले जाने की बात कही. बाद में अस्पताल ले जाने के दौरान मौत की सूचना मिलने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक और वरीय पुलिस अधिकारियों से संपर्क कर घटना की जानकारी ली.

उन्होंने कहा कि मामले में पुलिस और प्रशासन ने कार्रवाई की और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई. उन्होंने कहा कि अपराध की जांच और दोषियों को सजा दिलाने की जिम्मेदारी कानून और न्याय व्यवस्था की है.

कानून और न्याय व्यवस्था पर भरोसा रखें

विधायक ने कहा कि संविधान में कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका की व्यवस्था है. अपराध करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून में कार्रवाई का प्रावधान है.

उन्होंने कहा कि किसी भी अपराध के जवाब में कोई व्यक्ति या भीड़ खुद सजा देने लगे तो व्यवस्था अराजक हो जाएगी. उन्होंने लोगों से अपील की कि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर भरोसा रखें और किसी भी प्रकार के भड़काऊ बयान या अफवाह का हिस्सा नहीं बनें.

राजनीतिक जमीन तलाशने वालों पर निशाना और सामाजिक सौहार्द की अपील

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने घटना के बाद हिसुआ पहुंचकर बयान देने वाले कुछ राजनीतिक नेताओं पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों की अपनी राजनीतिक जमीन कमजोर हो गई है, वे हिसुआ में राजनीतिक जमीन तलाशने की कोशिश कर रहे हैं.

अनिल सिंह ने कहा कि वे “बहुजन” नहीं बल्कि “सर्वजन” की राजनीति में विश्वास रखते हैं. उन्होंने कहा कि हिसुआ की जनता ने हमेशा सामाजिक समरसता को महत्व दिया है और किसी भी जातीय संघर्ष को बढ़ावा देने वालों को जनता जवाब देगी. विधायक ने कहा कि 2005 से हिसुआ में विकास का सिलसिला जारी है और क्षेत्र की जनता के सहयोग से हिसुआ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है.

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस विकास को बाधित करने के लिए सामाजिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.

उन्होंने कहा कि हिसुआ की जनता समझदार और प्रबुद्ध है. यहां सभी समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते आए हैं और किसी भी बाहरी हस्तक्षेप से सामाजिक भाईचारा खत्म नहीं होने दिया जाएगा. विधायक अनिल सिंह ने हिसुआ और जिले के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन