अपनी बाइक खोजने निकला मालिक, दूसरी बाइक ने खोला नया सुराग, नवादा में एक गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर.
नवादा में चोरी हुई बाइक ढूंढने निकले मालिक को मिला शक, दूसरी बाइक ने चौंकाया. जानिए कैसे एक गिरफ्तार हुआ और आगे क्या हुआ.
Nawada Bike Theft News : नवादा के सिरदला में अनोखा मामला सामने आया है. अपनी चोरी हुई बाइक की तलाश में निकले भेलवाटांड निवासी राजेंद्र कुमार को सोमवार को रजौली के घसियाडीह में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया. राजेंद्र ने मोबाइल में मौजूद सीसीटीवी फुटेज और तस्वीर से युवक का मिलान किया. पूछताछ के दौरान युवक ने बच्चे के लिए नैपी लाने की बात कही और वहां से चला गया. काफी इंतजार के बाद भी युवक वापस नहीं लौटा. क्लीनिक में मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने राजेंद्र को भरोसा दिलाया कि वह युवक को जानता है और वापस आएगा, लेकिन वह नहीं आया.
Nawada Bike Theft : 5 सितंबर को हुई थी घटना
राजेंद्र की बाइक (बीआर-27के 5956) पांच सितंबर को सिरदला बाजार स्थित निजी कोचिंग सेंटर के बाहर से चोरी हुई थी. घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी. इसके आधार पर राजेंद्र ने सिरदला थाना में आवेदन दिया था. मामले में कांड संख्या 275/26 दर्ज किया गया है. इसके बाद वह मोबाइल में फुटेज लेकर खुद ही सिरदला और रजौली बाजार में बाइक तथा संदिग्ध युवक की तलाश कर रहे थे.
दूसरी बाइक से मिला नया सुराग
राजेंद्र की बाइक अभी बरामद नहीं हुई है. संदिग्ध युवक के नहीं लौटने पर पुलिस को सूचना दी गई. सिरदला पुलिस के एसआई विकास कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान क्लीनिक के पास एक अपाचे बाइक मिली. पुलिस ने बाइक के नंबर के साथ इंजन और चेसिस नंबर की जांच की. पुलिस के अनुसार, इंजन-चेसिस नंबर से बाइक के पटना जिले से संबंधित होने की जानकारी मिली.
विक्की गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
जांच के बाद पुलिस ने विक्की कुमार (35), पिता स्व. अनिल सिंह, निवासी मरचोई, थाना नासिरगंज, जिला कोडरमा, झारखंड को हिरासत में लिया. इस मामले में कांड संख्या 281/26 दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार विक्की को स्वास्थ्य जांच के बाद व्यवहार न्यायालय, नवादा भेज दिया गया.
थानाध्यक्ष विनय कुमार चौरसिया ने मंगलवार को घटना की पुष्टि की. पुलिस के अनुसार एक अन्य अप्राथमिकी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है. राजेंद्र की बाइक बरामद नहीं होने के कारण उसकी तलाश भी जारी है. पुलिस के अनुसार सिरदला थाना क्षेत्र और बाजार में हाल के दिनों में करीब चार से पांच बाइक चोरी की घटनाएं सामने आई हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए