सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप, आंदोलन की चेतावनी

अत्यधिक कार्यभार, वेतन विसंगति और गृह जिला पदस्थापन को लेकर कर्मियों में रोष
अत्यधिक कार्यभार, वेतन विसंगति और गृह जिला पदस्थापन को लेकर कर्मियों में रोष 17 सूत्री मांगों को लेकर हरिश्चंद्र स्टेडियम में महासंघ गोपगुट की बैठक फ़ोटो कैप्शन: बैठक में मौजूद राजस्व कर्मीगण प्रतिनिधि, नवादा नगर. शहर के हरिश्चंद्र स्टेडियम में बुधवार को बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ (महासंघ गोपगुट) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नंदन कुमार एवं जिला संघ के सचिव अमित कुमार ने संयुक्त रूप से की. बैठक में नवादा जिले के नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी 17 सूत्री लंबित मांगों को लेकर आगे की रणनीति तैयार की. बैठक को संबोधित करते हुए पदाधिकारियों ने बताया कि बीते वर्ष राजस्व कर्मचारियों और विभाग के बीच हुए समझौते के बावजूद अब तक एक भी मांग पूरी नहीं की गयी है. उलटे कर्मचारियों पर कार्यभार लगातार बढ़ाया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. कर्मचारियों का कहना है कि एक-एक कर्मी को तीन से चार हलका का अतिरिक्त प्रभार, अंचल निरीक्षक का अतिरिक्त दायित्व तथा अन्य विभागों के कार्यों में प्रतिनियुक्ति दी जा रही है. बिना अवकाश प्रतिदिन 15 से 16 घंटे काम लिया जाना श्रम कानून एवं संविधान के प्रावधानों का खुला उल्लंघन है. कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अत्यधिक कार्य और अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति के कारण यदि अपने विभाग का कार्य लंबित हो जाता है, तो सीधे कठोर कार्रवाई की धमकी दी जाती है. वेतन रोकने और निलंबन जैसे दबाव से कर्मचारी मानसिक रूप से प्रताड़ित है. बताया गया कि मई 2025 में नवनियुक्त राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर गये थे, जिसे सरकार ने आश्वासन देकर समाप्त कराया, लेकिन आज तक मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई. इनकी प्रमुख मांगें जिलाध्यक्ष नंदन कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट कहा कि यदि सरकार शीघ्र मांगों पर निर्णय नहीं लेती है, तो कर्मचारी आंदोलन को बाध्य होंगे. मांगों में गृह जिला में पदस्थापन, वेतनमान 1900 से बढ़ाकर 2800 करने, सेवा संपुष्टि, अतिरिक्त पंचायतों का प्रभार हटाने, रिक्त पदों की बहाली, सुरक्षा की गारंटी, बायोमेट्रिक उपस्थिति से छूट, एसीपी-एमएसीपी का लाभ, पुरानी पेंशन बहाली, ऑनलाइन कार्य हेतु संसाधन, क्षेत्र भ्रमण के लिए मोटरसाइकिल तथा 10 वर्ष सेवा पूर्ण करने वालों को पदोन्नति शामिल हैं. रैंडम पोस्टिंग में गड़बड़ी बैठक में श्रुति कुमारी, शंकर कुमार, सुजीत कुमार सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि कंप्यूटर द्वारा रैंडम पोस्टिंग में नवनियुक्त कर्मियों को 400-500 किलोमीटर दूर भेज दिया गया है, जबकि पुराने कर्मचारियों की पदस्थापना गृह जिले में है. बैठक में कुमार गौरव, अजीत कुमार, अंतिमा कुमारी, प्रियंका कुमारी, आशुतोष कुमार चौधरी, गोपाल कुमार, चंदन कुमार, अमन कुमार, विकास कुमार केशरी, धर्मराज कुमार कुशवाहा, संजीत कुमार, अरविंद कुमार, आर्यन कुमार, संजीव आनंद, मो. फयाज आलम, सोनू कुमार, मृत्युंजय कुमार, रघुवीर कुमार, आदित्य कुमार, नीतीश मिश्रा आदि मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




