नवादा: पकरीबरावां पुलिस का विशेष अभियान, मारपीट और चोरी की बाइक से शराब बेचने के आरोप में 4 गिरफ्तार

Author Vishwanath Kumar|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
विशेष अभियान में मारपीट व शराब तस्करी के मामले में चार गिरफ्तार

नवादा के पकरीबरावां थाना पुलिस ने अपराध नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया है. इस अभियान के तहत वाहन चालक से मारपीट और चोरी की बाइक से शराब तस्करी के आरोप में कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

विज्ञापन

Nawada News: अपराधियों और वारंटियों की धर-पकड़ के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत नवादा जिले की पकरीबरावां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें चालक के साथ मारपीट करने के मामले में तीन नामजद आरोपी और चोरी की मोटरसाइकिल से शराब की तस्करी करने के आरोप में एक तस्कर शामिल है. पुलिस सभी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है.

चालक के साथ मारपीट मामले में तीन धराए

पकरीबरावां के थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कुछ दिनों पूर्व बलियारी मोड़ के पास एक वाहन चालक के साथ मारपीट की घटना घटित हुई थी. इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के सिमरी गांव निवासी सूरज कुमार, धेवधा निवासी कोमल उर्फ कमल नयन और पकरीबरावां के बलियारी निवासी शुभम कुमार के रूप में की गई है. पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.

चोरी की बाइक से शराब बेचता तस्कर गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शेखपुरा जिले के कसार गांव निवासी रामाशीष कुमार को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी रामाशीष चोरी की मोटरसाइकिल पर अवैध शराब लादकर उसे बेचने की फिराक में था. पुलिस ने उसके कब्जे से तस्करी की शराब और चोरी की बाइक को विधिवत जब्त कर लिया है. आरोपी के खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम और चोरी के मामले में सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

अपराध नियंत्रण के लिए जारी रहेगा अभियान

थानाध्यक्ष रंजन चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का यह विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा. कानून का उल्लंघन करने वाले और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप व्याप्त है.


विज्ञापन
Vishwanath Kumar

लेखक के बारे में

By Vishwanath Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन