पीएम पर आपत्तिजनक रील पोस्ट करने के आरोप में साइबर थाना में एफआईआर, जांच शुरू

Updated:
विज्ञापन
फोटो कैप्शन - साइबर थाना नवादा का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

फोटो कैप्शन - साइबर थाना नवादा का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

नवादा साइबर थाना पुलिस ने प्रधानमंत्री के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र रील अपलोड करने के आरोप में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

विज्ञापन

Nawada News : नवादा सदर सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की आड़ में अशोभनीय एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नवादा साइबर थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है. इंस्टाग्राम पर प्रधानमंत्री के विरुद्ध कथित रूप से अभद्र एवं गाली-गलौज युक्त रील अपलोड करने के आरोप में एक इंस्टाग्राम यूजर के खिलाफ साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

साइबर मॉनिटरिंग के दौरान सामने आया मामला

पुलिस के अनुसार साइबर थाना में पदस्थापित पीएसआई दीपक कुमार ने नियमित साइबर मॉनिटरिंग के दौरान इंस्टाग्राम अकाउंट "chhota_vines12" पर अपलोड एक वीडियो देखा. पुलिस का कहना है कि वीडियो में प्रधानमंत्री के प्रति कथित रूप से अपमानजनक और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया था. प्रथम दृष्टया सामग्री को गंभीर मानते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की गई.

अन्य रील्स की भी हो रही जांच

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि संबंधित वीडियो की प्रकृति ऐसी है जिससे सामाजिक सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो सकती है. इसके बाद इंस्टाग्राम प्रोफाइल की विस्तृत जांच की गई, जिसमें कई अन्य रील्स भी मिलीं. पुलिस के अनुसार उनमें भी अशोभनीय एवं गाली-गलौज वाली भाषा का प्रयोग किया गया है.

डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित, अज्ञात संचालक पर केस दर्ज

साइबर पुलिस ने सभी संबंधित वीडियो का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर उन्हें इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया. इसके बाद शिकायत के आधार पर इंस्टाग्राम अकाउंट के अज्ञात संचालक के विरुद्ध संबंधित कानूनी धाराओं में साइबर थाना नवादा में प्राथमिकी दर्ज की गई.

तकनीकी जांच जारी, सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील

पुलिस अब तकनीकी एवं डिजिटल जांच के माध्यम से संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट संचालक की पहचान, लोकेशन तथा अन्य तकनीकी तथ्यों का सत्यापन कर रही है. अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर कानून और सामाजिक मर्यादा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ या अश्लील सामग्री पोस्ट अथवा साझा करने से बचें. पुलिस ने कहा कि डिजिटल माध्यमों पर की गई प्रत्येक गतिविधि कानून के दायरे में आती है और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Ashutosh Kumar

लेखक के बारे में

By Ashutosh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन