नवादा: सवारी से भरे ई-रिक्शा को रोककर चालक को उठा ले गये बदमाश, मांगी 80 लाख की फिरौती
अपहृत पप्पू राय की फाइल फोटो
रजौली के सिमरकोल मोड़ के पास ई-रिक्शा चालक पप्पू राय का बुधवार सुबह अपहरण कर लिया गया. बदमाशों ने 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
E-rickshaw driver abduction: रजौली थाना क्षेत्र के सिमरकोल मोड़ के समीप बुधवार की सुबह करीब 11:30 बजे काली लग्जरी कार में सवार बदमाशों ने एक ई-रिक्शा चालक का अपहरण कर लिया. घटना के तुरंत बाद अपहरणकर्ताओं ने परिजनों के मोबाइल पर कॉल कर 80 लाख रुपये की फिरौती मांगी. घटना के बाद थाना परिसर पहुंचे अपहृत के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में भी घटना को लेकर हड़कंप मचा हुआ है. अपहृत व्यक्ति की पहचान अमावां गांव निवासी 50 वर्षीय पप्पू राय के रूप में हुई है. वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करते हैं.
पिता और यात्रियों के सामने से खींचकर कार में बैठाया
घटना के संबंध में पप्पू राय के पिता धर्मदेव राय ने बताया कि उनका बेटा रजौली बाजार से सवारी लेकर अमावां की ओर जा रहा था. उस समय ई-रिक्शा में पिता धर्मदेव राय समेत कुल सात लोग सवार थे. धर्मदेव राय खुद आगे की सीट पर बेटे के पास बैठे थे.
जैसे ही ई-रिक्शा सिमरकोल मोड़ के पास चढ़ाव पर पहुंचा, सामने से आयी एक काली कार ने ई-रिक्शा के आगे गाड़ी लगाकर उसे रोक दिया. कार से तीन बदमाश बाहर निकले और सबके सामने पप्पू राय को जबरन खींचकर कार में बैठा लिया. इसके बाद अपराधी राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर स्थित प्राणचक मोड़ की ओर तेजी से फरार हो गये.

परिवार की आर्थिक तरक्की पर पुलिस को आशंका
गांव के लोगों के अनुसार, पप्पू राय पहले मजदूरी, खलासी और ड्राइवरी का काम करते थे. उनके परिवार में दो बेटे निखिल और चंदन तथा एक बेटी है. बड़ा बेटा निखिल पटना में ‘हार्मोनी हाइट्स’ नाम की रियल एस्टेट कंपनी में फ्लैट की खरीद-बिक्री का काम करता है.
निखिल ने हाल ही में अपनी कमाई से गांव में नया घर बनवाया था और थार तथा अर्टिगा जैसी गाड़ियां खरीदी थीं. पुलिस को आशंका है कि परिवार की आर्थिक तरक्की को देखकर बदमाशों ने फिरौती वसूलने की नीयत से पप्पू राय को निशाना बनाया.
अपहृत के बेटे निखिल ने बताया कि किडनैपर्स बार-बार फोन कर 80 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं. पैसे नहीं देने पर पिता को जान से मारने की धमकी दी जा रही है.
शिकायत के आधार पर प्राथमिकी, जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए रजौली एसडीपीओ सह आईपीएस अधिकारी केतन अशोक इंगोले ने रजौली पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये हैं. पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से अपराधियों की तलाश में जुटी है.
रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर रणजीत कुमार ने बताया कि अपहृत के पिता धर्मदेव राय और पुत्र निखिल कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और अपहृत को सकुशल बरामद करने का दावा किया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए