हिसुआ में शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम बोले- माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश होगी नाकाम
हिसुआ थाना में बैठक करते डीएम और एसपी | Prabhat Khabar Network
Nawada News : हिसुआ में शांति समिति की बैठक में डीएम और एसपी ने कहा कि अपराध और अशांति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन सख्त है.
Nawada News : प्रणय भारती उर्फ पीयूष की हत्या के बाद हिसुआ में उत्पन्न अशांति, आंदोलन और सोशल मीडिया पर चल रही गतिविधियों को लेकर बुधवार को हिसुआ थाने में शांति समिति की बैठक हुई. बैठक में प्रशासन, पुलिस और आम लोगों के बीच शांति एवं समन्वय कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी.
अपराध को अशांति और कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं बनने देंगे : डीएम
डीएम रवि प्रकाश ने कहा कि अपराध को बड़ी अशांति और कानून-व्यवस्था की समस्या बनने नहीं दिया जाएगा. प्रशासन और पुलिस इसके लिए हर संभव उपाय कर रही है और आगे भी करती रहेगी. उन्होंने कहा कि माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश को नाकाम किया जाएगा. घटना को लेकर कार्रवाई जारी है और माहौल बिगाड़ने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है.
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट पर प्रशासन की नजर
डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर किये जा रहे पोस्ट को हटाया जा रहा है. जरूरत पड़ने पर इंटरनेट बंद करने की अनुशंसा भी की जा सकती है, लेकिन इससे व्यापार, शिक्षा और सरकारी विभागों के कामकाज पर व्यापक असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि प्रणय के पिता ने इन गतिविधियों से खुद को अलग रखा है. ऐसे में सभी लोगों को शांति कायम रखने के लिए पहल करनी चाहिए. कानून अपना काम कर रहा है.
20 सितंबर तक लागू है धारा 163
डीएम ने बताया कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए 20 सितंबर तक धारा 163 लागू की गयी है. 19 और 20 सितंबर को स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर इसकी अवधि आगे भी बढ़ायी जा सकती है.
बाहरी लोगों पर भी रखी जा रही नजर : एसपी
एसपी अभिनव धीमान ने लोगों से अपील की कि बाहर से आकर कोई भी व्यक्ति अशांति का माहौल न बनाये. उन्होंने कहा कि भविष्य में उन्माद फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. हिसुआ आने वाले मार्गों पर बाहर से आने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है. बाहरी या स्थानीय व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गयी, तो पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी.
भड़काऊ पोस्ट के यूआरएल किये गये चिन्हित
एसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के यूआरएल चिन्हित किये गये हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसा कोई कदम नहीं उठायें, जिससे पुलिस और कानून को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़े. उन्होंने कहा कि पुलिस निडर होकर काम कर रही है और कार्रवाई के परिणाम की चिंता किये बिना कानून के अनुसार कदम उठायेगी. उन्होंने लोगों से प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी व्यक्ति द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश किये जाने पर स्थानीय थाने को सूचना देने की अपील की.
Also Read : स्कूलों में खेलों की तकनीकी समझ जरूरी, तभी मिलेंगे बेहतर खिलाड़ी और पदक: जिला खेल पदाधिकारी
पुलिस की कार्रवाई को लेकर लोगों से मांगे सुझाव
एसपी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन को शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए और क्या कदम उठाने चाहिए, इस पर उपस्थित लोगों से सुझाव और विचार साझा करने का आग्रह किया गया. उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
Also Read : सासाराम के 41 निजी स्कूलों को शो-कॉज नोटिस, बैठक में शामिल नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी
शांति समिति की बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में सीओ परमजीत सिरमौर, बीडीओ देवानंद कुमार सिंह, ईओ अतीश रंजन, संजय कुमार सिन्हा, वार्ड पार्षद शंभु शर्मा, अरविंद सिंह चंद्रवंशी, पूर्व जिला पार्षद वीरेंद्र सिंह, पूर्व मुखिया विनोद सिंह, लक्ष्मीकांत विगन सिंह, अनुज सिंह, उपप्रमुख धर्मवीर उर्फ पुकार सिंह, एकबाल उर्फ नन्हूं मियां सहित हिसुआ नगर और ग्रामीण क्षेत्र के लोग उपस्थित थे.
Also Read : सासाराम में नवप्रवेशी छात्रों को वाणिज्य के करियर अवसरों की दी जानकारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए