नवादा में दिशा की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, हर प्रखंड में जन औषधि केंद्र खोलने का निर्देश
दिशा की बैठक करते सासंद | Prabhat Khabar Network
Nawada News : दिव्यांगों के उपकरण वितरण में जनप्रतिनिधियों को करें शामिल, अस्पतालों में दवा-एंबुलेंस व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश.
Nawada News : जिले में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और सरकारी सुविधाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर बुधवार को दिशा की बैठक में कई अहम निर्देश दिये गये. समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में सांसद सह जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) के अध्यक्ष विवेक ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई. इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, सड़क, बिजली, कृषि और ग्रामीण विकास समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गयी. सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया.
सभी प्रखंडों में जन औषधि केंद्र खोलने की पहल
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सांसद ने सदर अस्पताल के साथ सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. जरूरतमंद मरीजों को सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी प्रखंडों में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. आपातकालीन सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था को भी मजबूत रखने का निर्देश दिया गया.
Also Read : वारिसलीगंज पुलिस ने देशी कट्टा के साथ बालक को पकड़ा, आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी दर्ज
दिव्यांगों के कार्यक्रम की सूचना जनप्रतिनिधियों को देने का निर्देश
दिव्यांगजन सशक्तीकरण से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए सांसद ने बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, सहायक उपकरण और कृत्रिम अंग वितरण से संबंधित कार्यक्रमों की सूचना स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से देने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र लाभुकों तक पहुंचायी जा सकेगी.
45 मिनट में मिट्टी जांच कर देगी पोर्टेबल मशीन
बैठक में पोर्टेबल सॉइल टेस्टिंग मशीन का प्रदर्शन किया गया. अधिकारियों ने बताया कि यह मशीन महज 45 मिनट में मिट्टी के 14 प्रमुख मापदंडों की जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध करा सकती है. सांसद ने कहा कि सांसद निधि से जिले के सभी प्रखंडों में ऐसी मशीन उपलब्ध कराने की पहल की जायेगी. इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर मिट्टी की जांच कराने और फसल के अनुरूप उर्वरक की सही मात्रा तय करने में मदद मिलेगी.

रूफटॉप सोलर लगाने के लिए लोगों से की अपील
विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना की जानकारी दी. बताया गया कि एक किलोवाट क्षमता के संयंत्र पर 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये और तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक सब्सिडी या सहायता का प्रावधान है. सांसद ने जनप्रतिनिधियों और जिलेवासियों से रूफटॉप सोलर लगाने की अपील की.
Also Read : नवादा के फतेहपुर मोड़ पर सार्वजनिक शौचालय नहीं, यात्रियों और दुकानदारों को परेशानी
बायोगैस से कचरा प्रबंधन और जैविक खाद पर जोर
सांसद ने बायोगैस को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा का बेहतर विकल्प बताते हुए जैविक कचरे के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने कहा कि बायोगैस से खाना पकाने के लिए ईंधन उपलब्ध होने के साथ जैविक खाद भी तैयार होती है, जिसका कृषि में उपयोग किया जा सकता है.
जनप्रतिनिधियों ने उठायीं क्षेत्र की समस्याएं
बैठक में विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाये. सांसद ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया. इससे पहले डीएम रवि प्रकाश ने पौधा भेंट कर सांसद का स्वागत किया. डीआरडीए निदेशक धीरज कुमार ने पीपीटी के माध्यम से विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी.
बैठक में एसपी, डीडीसी, हिसुआ व रजौली विधायक, विधान पार्षद, नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी देवी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. अंत में अपर समाहर्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया.
Also Read : हिसुआ में शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त, डीएम बोले- माहौल बिगाड़ने की हर कोशिश होगी नाकाम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए