नगर विकास योजनाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त, 30 सितंबर तक काम शुरू नहीं हुआ तो एजेंसी का एकरारनामा होगा रद्द

Updated:
विज्ञापन

बैठक में मौजूद नगर परिषद के पदाधिकारी व को के पदाधिकारी और अन्य | Prabhat Khabar Network

Nawada News : नवादा में नगर विकास योजनाओं में हो रही लापरवाही और विलंब को लेकर जिला अधिकारी रवि प्रकाश ने सख्त कदम उठाए हैं. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि निर्धारित समय-सीमा तक काम शुरू न होने पर संबंधित एजेंसी का करार रद्द कर दिया जाएगा.

विज्ञापन

Nawada News : नगर विकास एवं आवास विभाग की योजनाओं में लापरवाही और कार्यों में विलंब को लेकर जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया. समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित योजनाओं को तेजी से पूरा कराने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. बैठक में जिले के विभिन्न नगर निकायों में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गयी.

आपके शहर में

विज्ञापन

15 में 13 योजनाएं पूरी, दो अब भी लंबित

बैठक में बुडको के उप परियोजना निदेशक कुंदन कुमार त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की प्रगति की जानकारी दी. बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में चयनित 15 योजनाओं में 13 का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दो योजनाएं अब भी लंबित हैं. डीएम ने लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया.

वहीं वित्तीय वर्ष 2025-26 में चयनित 14 योजनाओं में सात योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि छह योजनाओं की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है. डीएम ने शेष योजनाओं में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर तत्काल काम शुरू कराने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा.

30 सितंबर तक काम शुरू नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई

नगर परिषद नवादा के मंगर बिगहा पुल के पार से बुधौल होते हुए एनएच-20 तक नाला निर्माण पूरा होने की जानकारी बैठक में दी गयी. डीएम ने कार्यपालक पदाधिकारी को स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करने का निर्देश दिया.

वहीं गोवर्धन मंदिर से यादव चौक, वीआईपी कॉलोनी होते हुए गोनावां आहर तक नाला एवं सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 30 सितंबर 2026 तक काम शुरू नहीं हुआ तो संबंधित एजेंसी का एकरारनामा रद्द कर नियमानुसार कार्रवाई की जाये.

विद्युत शवदाहगृह में देरी पर संवेदक पर पेनाल्टी

नगर परिषद नवादा में निर्माणाधीन विद्युत शवदाहगृह के कार्य में हो रही देरी को डीएम ने गंभीरता से लिया. उन्होंने बुडको को संबंधित संवेदक के विरुद्ध पेनाल्टी लगाने का निर्देश दिया. साथ ही निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी.

Also Read : औरंगाबाद: रफीगंज में ऑटो और बाइक की आमने-सामने टक्कर, महिला समेत दो घायल

हिसुआ की योजनाओं को भी जल्द पूरा करने का निर्देश

हिसुआ नगर परिषद के वार्ड आठ स्थित पांचू तालाब की चहारदीवारी, गेट, बोरिंग एवं शौचालय निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया. हिसुआ-नवादा मुख्य मार्ग से अंदर बाजार होते हुए महादेव मोड़ तक पेवर ब्लॉक का कार्य पूरा हो चुका है.

वारिसलीगंज और रजौली की योजनाओं की समीक्षा

वारिसलीगंज के साम्बेग्राम में पीसीसी ढलाई तथा रजौली के वार्ड एक में आंगनबाड़ी केंद्र से धनार्जय नदी तक मिट्टी भराई एवं पथ निर्माण का कार्य पूरा होने की जानकारी दी गयी. महादेव मोड़ से सिरोडाबर तक सड़क निर्माण कार्य भी पूरा कर लिया गया है.

Also Read : विद्यालय सुरक्षा पखवाड़े में बच्चों को सिखाये स्वच्छता के गुर, हाथ धुलाई और शौचालय उपयोग के प्रति किया जागरूक

नियमित स्थल निरीक्षण करने का निर्देश

बैठक के अंत में डीएम रवि प्रकाश ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की सतत निगरानी रखने और योजनाओं की प्रगति का नियमित प्रतिवेदन मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.

Also Read : औरंगाबाद के मदार नदी में स्नान के दौरान तेज धार में बहा 13 वर्षीय किशोर, मौत


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन