नवादा में साइबर ठगों का नया खेल: रिश्तेदार की जान बचाने के चक्कर में महिला ने गंवाए हजारों रुपये

सांकेतिक तस्वीर
Bihar Cyber Crime: नवादा में साइबर अपराधियों ने महिला को रिश्तेदार की जान का डर दिखाकर 30 हजार रुपये ठग लिए. आरोपियों ने मैसेज भेजकर खालू के अपहरण और हत्या की धमकी दी थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Bihar Cyber Crime: नवादा जिले में साइबर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां अपराधियों ने एक महिला को उसके रिश्तेदार की जान का डर दिखाकर हजारों रुपये ठग लिए. मामला नगर थाना क्षेत्र के भदौनी पानी टंकी के पास का है, जहां रहने वाली साबिया प्रवीण ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई है.
पीड़िता के अनुसार, 28 अप्रैल की रात करीब आठ बजे उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया. मैसेज में दावा किया गया कि उनके रिश्तेदार को अगवा कर लिया गया है. यदि 80 हजार रुपये नहीं भेजे गए तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा. धमकी भरे संदेश को देखकर महिला घबरा गई और रिश्तेदार की सुरक्षा को लेकर परेशान हो उठी.
डर के कारण भेज दिए 30 हजार रुपये
महिला ने बताया कि अपराधियों की धमकी से डरकर उन्होंने तुरंत यूपीआई के माध्यम से 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए. बाद में जब उन्होंने अपने रिश्तेदारों से संपर्क किया तो पता चला कि उनके वह विदेश में पूरी तरह सुरक्षित हैं. उनके साथ किसी प्रकार की कोई घटना नहीं हुई है. जिसके बाद महिला को समझ आया की उसे झूठा मेसेज किया गया है. इसके बाद महिला को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं.
महिला ने मामले की शिकायत दर्ज करवाई
महिला को जैसे ही समझ आया की वह साइबर ठगी का शिकार हो गई हैं. उसने मामले की शिकायत पुलिस से की .महिला ने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी. जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी .पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में जिन मोबाइल नंबरों का जिक्र किया है, उनमें 9867758566 और 7618342148 शामिल हैं. साथ ही यूपीआई ट्रांजैक्शन की जानकारी भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल नंबर, यूपीआई ट्रांजैक्शन और साइबर लिंक के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस की अपील के बावजूद बढ़ रहे साइबर अपराध
साइबर अपराधी नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं. जहां लोग डर या घबराहट में अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं. पुलिस लगातार सोशल मीडिया और जागरूकता अभियानों के जरिए लोगों से अपील करती रही है कि किसी भी धमकी भरे कॉल, मैसेज या पैसे की मांग होने पर बिना पुष्टि किए रुपये ट्रांसफर न करें. ऐसे मामलों में तुरंत स्थानीय थाना या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी जाती है.
Also Read: गांधी सेतु से 18 वर्षीय युवक ने गंगा में लगाई छलांग, SDRF चला रही सर्च ऑपरेशन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










