मुहल्लों में अब तक न तार, न ही पोल

Updated at : 29 Jul 2016 8:03 AM (IST)
विज्ञापन
मुहल्लों में अब तक न तार, न ही पोल

दूर से टोका फंसा कर बिजली लाने से रहती है लो वोल्टेज की समस्या हिसुआ : बिजली के कनेक्शन व राजस्व में भले ही काफी बढ़ोतरी हुई है, पर नगर पंचायत (नपं)में बिजली की लचर व्यवस्था में सुधार अभी तक नहीं हुई है. नगर पंचायत के कई मुहल्लों में अभी तक तार-पोल भी नहीं पहुंचा […]

विज्ञापन
दूर से टोका फंसा कर बिजली लाने से रहती है लो वोल्टेज की समस्या
हिसुआ : बिजली के कनेक्शन व राजस्व में भले ही काफी बढ़ोतरी हुई है, पर नगर पंचायत (नपं)में बिजली की लचर व्यवस्था में सुधार अभी तक नहीं हुई है. नगर पंचायत के कई मुहल्लों में अभी तक तार-पोल भी नहीं पहुंचा है. वहां के उपभोक्ताओं को बिजली दूर-दूर से कांटा फंसा कर लाना पड़ता है.
बरसात के इन दिनों में उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बिजली की इस लचर व्यवस्था से उपभोक्ता बिजली के बहुत सारे उपकरणों के प्रयोग से भी वंचित हैं. दूर से बिजली लाने की वजह से लो वोल्टेज रहती है और उपकरण चल नहीं पाते हैं. फ्रीज, वाशिंग मशीन, आइरन, मिक्सर आदि शोभा की वस्तु है. उपभोक्ता बिल चुका कर और बिजली रख कर भी सुख का उपभोग से वंचित हैं.
नगर का हिसुआ-नवादा मेन रोड, बढ़ही बिगहा, कंचनबाग, पांचू गढ़, शंकर गली, हिसुआ डीह, तेली टोला, खनखनापुर, नाला पर आदि मुहल्लों के आंतरिक भाग में तार-पोल आदि की व्यवस्था काफी लचर है. पुराने लोहे के पोल कही उखाड़ दिये गये हैं, तो कहीं लकड़ी का टूटा-फूटा पोल है.
कहीं पोल है ही नहीं, और न तो इस पर कोई पहल हो रही है. मेन रोड में तार-पोल नहीं है. पांचू गढ़ पर जर्जर तार आये दिन टूट-टूट कर गिर रहे हैं और अभी भी 10 दिनों से टूटे हुए हैं. पांचू गढ़ पर हाइ वोल्टेज के तार-पोल भी जर्जर हैं. खनखनापुर, डोमहटिया में तार-पोल नहीं हैं. कंचनबाग व बढ़ही बिगहा के आंतरिक भागों में विद्युतीकरण नहीं हुआ है. गौरतलब है कि ये सभी नगर पंचायत के संपन्न और घनी आबादी वाले इलाके हैं, जहां से विभाग को राजस्व की अच्छी वसूली भी होती है.
चोरी से बिजली जलानेवालों की चांदी : विभाग की इस लचर व्यवस्था से बिजली चोरी करनेवालों की भी चांदी है.उपभोक्ताओं से अधिक उनके अवैध कांटे तारों में फंसते हैं और उपभोक्ताओं की परेशानियां बढ़ती है. अधिक संख्या में कांटे फंसे होने से धर-पकड़ के समय भी बिजली कर्मियों को सही गलत का पता नहीं चलता है. उनकी कोताही भी रहती है. पांचू गढ़, नाला पर, डोमहटिया, खनखनापुर, कचहरी रोड, हेठ पांचू, हिसुआ डीह, तेली टोला आदि मुहल्लों में अवैध टोकाधारियों की संख्या अधिक है, पर धर-पकड़ के समय केवल खानापूर्ति होकर रह जाती है.
जैसे-तैसे हो रहा है नवीकरण व विद्युतीकरण : क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था का नवीकरण व विद्युतीकरण का काम चल रहा है, पर जैसे-तैसे इसे किया जा रहा है. नये पोलों को गाड़-गाड़ कर कभर्ड वायर लगाये जा रहे हैं, पर यह काम भी जैसे-तैसे किया जा रहा है. बेहतर प्लानिंग व मैप के तहत इस पर काम नहीं हो रहा है. काम उन क्षेत्रों में ही शुरू किया गया है जहां फिलवक्त व्यवस्था ठीक-ठाक है. पहले जर्जर हालत वाले मुहल्लों से इसकी शुरूआत होनी चाहिए थी. इन मुहल्लों के लिए क्या प्लानिंग है, इसपर भी ठोस जवाब नहीं मिल रहा है. जबकि कई मुहल्लों में हाइ टेंशन के तार और 220 वोल्ट के तार दोनों के बदलने की पहले जरूरत है.
उपभोक्ताओं की पीड़ा
हमारे मुहल्ले में बिजली के तार-पोल काफी जर्जर हैं. तार टूट कर 10 दिनों से पड़ा है. लोगों ने उसे दीवार पर ऊपर चढ़ा कर बांध दिया है. आये दिन यहां यह समस्या है, पर स्थायी निदान नहीं है.
दीपक कुमार, शिक्षक
मेन रोड में आज सात सालों से तार-पोल नहीं है, पर बिजली विभाग इस पर कोई पहल नहीं कर रहा है. रोड के चौड़ीकरण के समय पोल उखाड़ा गया था, पर आज तक फिर से नहीं गाड़ा गया.
पवन कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद
मेन रोड व शंकर गली में तार-पोल नहीं रहने से 300 से 400 मीटर की दूरी से बिजली लानी पड़ती है. राजस्व का हर माह भुगतान करने के बाद भी बिजली के सभी उपकरण नहीं चलते हैं, पर विभाग इस पर कोई संज्ञान नहीं लेता है.
राजकुमार प्रसाद उर्फ लल्लू प्रसाद, जेपी सेनानी
कंचनबाग के भीतरी भाग में तार-पोल नहीं लगने से यहां के उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. दूर-दूर तक कांटा फंसा कर बिजली ले जा रहे हैं. अभी बरसात में अधिक परेशानी व खतरा है.
राजीव लोचन, कंचनबाग
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन