‘आगे पुलिस चेकिंग है’... इतना कहकर इंजीनियर का बैग बदला, 24 हजार समेत सामान ले भागे
सरैया थाना
कोलकाता से घर लौट रहे एक इंजीनियर को सरैया के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने ठग लिया। घर पहुंचाने के बहाने बिठाकर, पुलिस चेकिंग का डर दिखाकर उन्होंने इंजीनियर का बैग बदल दिया। बैग में 24 हजार रुपये, मिठाई और जरूरी कागजात थे, जो बदमाश ले उड़े।
मुजफ्फरपुर: सरैया थाना क्षेत्र के सरैया-मोतीपुर मार्ग पर महमदपुर चकिया गांव के पास निर्माणाधीन रेलवे लाइन के समीप सोमवार की दोपहर कोलकाता से घर लौट रहे एक इंजीनियर के साथ बदमाशों ने बैग बदलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बाइक सवार दो बदमाशों ने घर पहुंचाने का झांसा देकर उन्हें बाइक पर बैठाया और रास्ते में पुलिस चेकिंग का बहाना बनाकर उनका बैग बदल दिया. बैग में 24 हजार रुपये, कपड़े, घर के लिए मिठाई और जरूरी कागजात रखे थे.
पीड़ित की पहचान जैतपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बल्ली गांव निवासी राजकिशोर सिंह के रूप में हुई है. वे कोलकाता में स्टेट परिवहन विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं.
‘चाचा’ कहकर बाइक पर बैठाया
पीड़ित ने बताया कि वे कोलकाता से अपने घर लौट रहे थे. ट्रेन से मुजफ्फरपुर जंक्शन पर उतरने के बाद बस से सरैया पहुंचे. वहां जैतपुर चौक जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और ‘चाचा’ कहकर उन्हें घर पहुंचाने का झांसा दिया.
बदमाश उन्हें बाइक पर बैठाकर सरैया-जैतपुर मोड़ से करीब दो किलोमीटर आगे महमदपुर चकिया स्थित निर्माणाधीन रेल लाइन के पास ले गये.
‘आगे पुलिस चेकिंग है’ कहकर बदला बैग
निर्माणाधीन रेलवे लाइन के पास बदमाशों ने बाइक रोक दी और कहा कि आगे पुलिस चेकिंग चल रही है. इसके बाद उन्होंने इंजीनियर से दूसरी गाड़ी से जाने के लिए कहा. इसी दौरान चकमा देकर बदमाशों ने उनका बैग बदल लिया और बाइक से सरैया की ओर फरार हो गये.
कुछ देर बाद शक होने पर पीड़ित ने बैग खोला. उसमें उनके सामान की जगह कपड़े में लपेटकर ईंट-पत्थर रखे हुए थे. इसके बाद उन्हें बैग बदले जाने की जानकारी हुई.
24 हजार रुपये और जरूरी सामान ले गये
पीड़ित के अनुसार बदमाश उनके बैग में रखे 24 हजार रुपये, कपड़े, घर के लिए लायी गयी मिठाई और कुछ जरूरी कागजात लेकर फरार हो गये.
घटना की सूचना मिलने पर एएसआई पवन पासवान घटनास्थल पर पहुंचे और इंजीनियर से पूछताछ की. पुलिस ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है.
सरैया-मोतीपुर पथ पर राहगीरों में भय
स्थानीय लोगों के अनुसार सरैया-मोतीपुर पथ पर महमदपुर चकिया से बिसरपट्टी गांव के बीच लूट और छिनतई की घटनाएं होती रही हैं. लोगों का आरोप है कि घटनाओं के बावजूद प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं होने से बदमाशों का मनोबल बढ़ा है.
सोमवार को महमदपुर चकिया क्षेत्र में करीब डेढ़ घंटे के भीतर दो लूट की घटनाएं होने की बात कही गयी है. इससे राहगीरों में भय और स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
यह भी पढ़ें
मुजफ्फरपुर में टूटी पटरी पर लोको पायलट ने रोकी ट्रेन, टला बड़ा हादसा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए