लोकसभा चुनाव 2024ः मुजफ्फरपुर में वाहन चेकिंग में स्काॅर्पियो से मिले इतने लाख, पूछताछ में सामने आयी ये बात
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 07 Apr 2024 9:54 AM
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर चल रहे वाहन चेकिंग के दौरान बरामद सभी नोट 500 रुपये के हैं. बरामद रुपये के संबंध में पूछताछ में विनोद कुमार ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. न ही रुपये के लेन-देन से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज ही प्रस्तुत कर सके.
लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक स्कॉर्पियो से 22 लाख रुपये बरामद किया गया है. मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से मोतीपुर थाना क्षेत्र के कोडरकट्टा गांव के समीप वाहन चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा था. बेतिया निवासी विनोद कुमार अपनी गाड़ी में शनिवार को स्कॉर्पियो से 22 लाख रुपये लेकर जा रहे थे. हालांकि विनोद कुमार ने बताया कि यह पैसा वे अपनी भांजी की शादी के लिए लेकर जा रहे थे. प्रशासन ने जब्त रुपये को एसबीआइ में जमा करा दिया है.
पैसा जब्त होने की सूचना पर आयकर विभाग के अधिकारी अशोक कुमार ने रुपये ले जा रहे व्यक्ति से पूछताछ की. सीओ रुचि कुमारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव को लेकर पुलिस के साथ सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. शनिवार को कोडरकट्टा गांव के समीप पुलिस के साथ वाहन चेकिंग की जा रही थी. इसी दौरान स्कार्पियो की तलाशी ली गयी, जिसमें से 22 लाख रुपये मिले. रुपये एक झोला में रखकर सीट के भीतर छिपाकर रखे गये थे.
बरामद सभी नोट 500 रुपये के हैं. सीओ ने बताया कि रुपये के संबंध में पूछताछ की गयी तो विनोद कुमार ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया. न ही रुपये के लेन-देन से संबंधित आधिकारिक दस्तावेज ही प्रस्तुत कर सके. उन्होंने बताया कि रुपये को चुनाव में खर्च करने के लिए ले जाये जाने की आशंका पर जब्त किया गया है. आयकर विभाग की टीम पूछताछ के लिए विनोद कुमार को अपने साथ मुख्यालय ले गयी है. आयकर विभाग की टीम और पुलिस ने एसबीआइ की मोतीपुर शाखा में बरामद रुपये को जमा करा दिया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










