"मेरी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती...", रेड लाइट एरिया की नर्तकी की मौत, मामला उलझा

Updated:
विज्ञापन

"मेरी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती...", रेड लाइट एरिया की नर्तकी की मौत, मामला उलझा

मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में एक 22 वर्षीय नर्तकी की संदिग्ध मौत से जुड़ा मामला गहराता जा रहा है. मृतका की मां ने बेटी की मौत पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के रेड लाइट एरिया में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई 22 वर्षीय नर्तकी की मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है. पुलिस जहां हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है, वहीं बुधवार को लखनऊ से पहुंची मृतका की मां ने बेटी की मौत पर गंभीर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और इंसाफ की मांग की है.

लखनऊ से मुजफ्फरपुर पहुंची मां

बुधवार को मृतका की मां लखनऊ से मुजफ्फरपुर पहुंचीं. सबसे पहले वह रेड लाइट एरिया गईं, जहां उन्हें जानकारी मिली कि पुलिस मंगलवार को ही शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज चुकी है. इसके बाद वह नगर थाना पहुंचीं और थानेदार जयप्रकाश सिंह तथा अपर थानेदार रविकांत दुबे से पूरी घटना की जानकारी ली. बाद में वह एसकेएमसीएच पहुंचीं.

"मेरी बेटी सुसाइड नहीं कर सकती"

एसकेएमसीएच में सीमा पाल ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती. उनके मुताबिक, उनकी बेटी हमेशा खुश रहती थी और पढ़ाई में भी काफी अच्छी थी. उसने यूपी बोर्ड की परीक्षा 72 प्रतिशत अंकों के साथ पास की थी. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह करीब दो साल पहले अपनी एक सहेली के साथ नौकरी की तलाश में मुजफ्फरपुर आई थी.

परिवार को नहीं बताई थी असली नौकरी

मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने कभी यह नहीं बताया कि वह नर्तकी का काम करती है. वह हमेशा यही कहती थी कि उसे अच्छी नौकरी मिल गई है और उसे किसी तरह की परेशानी नहीं है.

लंबे समय से चल रहा था इलाज

मृतका की मां ने बताया कि पिछले करीब एक वर्ष से उनकी बेटी पेट दर्द की समस्या से जूझ रही थी और उसका इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा था. उन्होंने कहा कि जब असहनीय दर्द के दौरान भी उसने कभी आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठाया, तो अब ऐसा करना संभव नहीं लगता. उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता उनकी बेटी की मौत कैसे हुई, लेकिन इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए.

हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच

नगर थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है.

यह भी पढे़ं: PHOTOS: सावन में बाबा गरीबनाथ मंदिर के साथ मुजफ्फरपुर के इन शिवालयों में भी उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़


विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन