मुजफ्फरपुर में युवक की कनपटी पर तानी पिस्तौल, भागने पर बदमाशों ने चलाई गोलियां

सांकेतिक तस्वीर
मुजफ्फरपुर में एक युवक पर जानलेवा हमला हुआ। पेट्रोल पंप से लौटते समय उसे घेरकर लूटपाट की गई और विरोध करने पर पिस्तौल तानी गई। भागने पर बदमाशों ने गोलियां भी चलाईं, हालांकि युवक सुरक्षित बच निकला।
Muzaffarpur News: शहर के कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में लूटपाट के दौरान एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. अपराधियों ने युवक को घेरकर पहले लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर उसकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी. युवक के भागने पर बदमाशों ने उसके पीछे दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी. हालांकि युवक किसी तरह जान बचाकर मौके से निकल गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
पेट्रोल पंप से लौटते समय घेर लिया
पीड़ित के पिता बिरजू पटेल ने कच्ची-पक्की ओपी में दर्ज शिकायत में बताया कि 5 जुलाई की रात करीब 8:40 बजे उनका बेटा रोहन राज अपने पड़ोसी धनराज कुमार के साथ कारगिल पेट्रोल पंप से गाड़ी में तेल भरवाकर लौट रहा था. इसी दौरान श्री गणेश पैलेस के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने दोनों को घेर लिया. अपराधियों ने रोहन को पकड़कर लूटपाट का प्रयास किया और एक बदमाश ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल रखते हुए जान से मारने की धमकी दी.
भागने पर की ताबड़तोड़ फायरिंग
जान बचाने के लिए रोहन ने बदमाशों का हाथ छुड़ाकर दौड़ लगा दी. इससे बौखलाए अपराधियों ने उसके पीछे दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी. गनीमत रही कि कोई गोली युवक को नहीं लगी और वह सुरक्षित घर पहुंच गया. सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पीड़ित पक्ष ने शिकायत में विक्कू कुमार उर्फ अनुवर्त रवि, सोनू कुमार, रिसु कुमार और लक्की कुमार को नामजद करते हुए बताया कि सभी शातिर अपराधी हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से मामले दर्ज हैं. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर की विकास परियोजनाओं को लगेंगे पंख, हथौड़ी-औराई पथ और फतेहाबाद महासेतु निर्माण में आएगी तेजी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










