मुजफ्फरपुर: हथियार के साथ दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, स्कूल के पास हुई लूट का खुलासा

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 10 Jun 2026 3:57 PM

विज्ञापन

हथियार के साथ दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर की पानापुर करियात पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को अवैध कट्टा, कारतूस और लूट के रुपयों के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने उर्दू स्कूल के पास हुई 62 हजार की लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला पुलिस की सक्रिय पुलिसिंग अभियान के तहत पानापुर करियात थाने की पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दो शातिर अपराधियों को अवैध हथियार, कारतूस और लूट की राशि के साथ रंगे हाथ दबोच लिया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पानापुर करियात थाना क्षेत्र के रवि रंजन कुमार और समस्तीपुर जिले के पूसा थाना क्षेत्र निवासी राजन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल बाइक और लूटे गए कुछ रुपए भी बरामद किए हैं.

फसियरवा चौक के पास घेराबंदी कर दबोचा

वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं. सूचना के आलोक में पानापुर करियात थाने की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फसियरवा चौक से रौतिनिया जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की. इस दौरान संदिग्ध स्थिति में आ रहे रवि रंजन कुमार और राजन कुमार को पुलिस टीम ने खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान इनके पास से अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद हुए.

उर्दू स्कूल के पास 62 हजार की लूट मामले का हुआ खुलासा

गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने दोनों अभियुक्तों से थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने इलाके में हुई एक बड़ी लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. अपराधियों ने कबूला कि उन्होंने थाना क्षेत्र के ही उर्दू स्कूल के पास एक व्यक्ति से करीब 62 हजार रुपए की लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित व्यक्ति से दोनों अपराधियों की पहचान परेड कराई, जिसमें पीड़ित ने दोनों की पहचान स्पष्ट रूप से कर ली.

अपराधियों के पास से यह सब हुआ बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, लूटी गई राशि में से नगद 3,950 रुपए और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. डीएसपी पश्चिमी वन सुचित्रा कुमारी का कहना है कि गिरफ्तार दोनों अपराधियों के आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है कि इन्होंने पहले किन-किन घटनाओं को अंजाम दिया है. दोनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कवायद शुरू कर दी गई है. इस कामयाबी से स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन