मुजफ्फरपुर में पेपरलेस रजिस्ट्री का विरोध, 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे कातिब
मुजफ्फरपुर दस्तावेज नवीस संघ ने राज्य सरकार की 'पेपरलेस रजिस्ट्री' व्यवस्था का विरोध करते हुए 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है. संघ का आरोप है कि यह व्यवस्था साइबर फ्रॉड की तरह जमीन हड़पने का रास्ता खोल सकती है. आम जनता से भी विरोध की अपील की गई है.
Muzaffarpur Katib Strike: मुजफ्फरपुर राज्य सरकार द्वारा शुरू की जा रही ‘पेपरलेस रजिस्ट्री’ व्यवस्था के खिलाफ मुजफ्फरपुर दस्तावेज नवीस संघ ने मोर्चा खोल दिया है. संघ ने नई व्यवस्था को आम जनता के साथ बड़ा धोखा करार देते हुए इसके विरोध में 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. संघ का तर्क है कि कागज नहीं रहने से साइबर फ्रॉड की तर्ज पर लोगों की जमीन हड़पना आसान हो जाएगा.
Land Registry Cyber Fraud Risk: साइबर फ्रॉड की तरह हड़पी जाएगी जमीन
मुजफ्फरपुर दस्तावेज नवीस संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार ने नई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि सरकार भले ही इसे सुविधा बता रही हो, लेकिन यह फैसला लोगों को ठगी का शिकार बनाने जैसा है. अध्यक्ष ने आशंका जताई कि जिस तरह लोग बैंक खातों के माध्यम से साइबर फ्रॉड के शिकार हो रहे हैं, ठीक उसी प्रकार अब जमीन का भी 'साइबर फ्रॉड' शुरू हो जाएगा. कंप्यूटर ऑपरेटर, खरीदार और बिचौलिए आपस में साठगांठ कर सीधे-साधे व अनपढ़ ग्रामीणों को आसानी से चूना लगा सकते हैं.
डेटा में फेरबदल और धोखाधड़ी का खतरा
संघ का कहना है कि नई व्यवस्था में विक्रेता का विवरण पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाता है. कई मामलों में जमीन बेचने वाले को भनक तक नहीं लगेगी कि उसके नाम पर क्या लिखवा लिया गया है. पहले कागजों पर पूरा खाका तैयार कर सभी पक्षों को पढ़कर सुनाया और दिखाया जाता था, जिससे पारदर्शिता बनी रहती थी. अब सब कुछ स्क्रीन पर होने से रजिस्ट्री के ठीक पहले भी डेटा में मनचाहा बदलाव किया जा सकता है.
17 अगस्त से काम ठप करने की चेतावनी
संजीव कुमार ने बताया कि इस जनविरोधी फैसले के विरोध में जिले के सभी कातिब (दस्तावेज लेखक) 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपनी जमीन और जायदाद की सुरक्षा के लिए इस व्यवस्था का खुलकर विरोध करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By देवेश कुमार
पत्रकारिता के क्षेत्र में देवेश को 17 वर्षों का अनुभव है. उच्च शिक्षा, जमीन रजिस्ट्री, नगर निगम की कार्यप्रणाली और स्मार्ट सिटी विकास जैसे विषयों पर इनका विशेष लेखन है. राजनीतिक और सामाजिक समसामयिक मुद्दों के साथ-साथ खोजी पत्रकारिता और ब्रेकिंग न्यूज कवरेज में ये सक्रिय हैं. तथ्यपरक, प्रभावी और जन सरोकार से जुड़ी रिपोर्टिंग इनकी प्रमुख पहचान है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








