मुजफ्फरपुर: 33 किलो सोना लूटकांड का चार्जशीटेड किसलय आखिर कहां गया? फोन कर पताही बुलाने के बाद मोबाइल बंद
सांकेतिक तस्वीर
मुजफ्फरपुर के चर्चित 33 किलो सोना लूटकांड का आरोपी हिस्ट्रीशीटर किसलय कुमार रहस्यमय तरीके से लापता हो गया है. पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की.
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर. अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ स्थित बजरंग बिहार मोहल्ला निवासी हिस्ट्रीशीटर किसलय कुमार के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. मामले में उसकी मां नीतू देवी ने अहियापुर थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस को दिये आवेदन में आरोप लगाया गया है कि खबड़ा यानी पताही निवासी पूर्व परिचित अनुकूल ने 5 सितंबर को फोन कर किसलय को बुलाया था. वहां जाने के बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा है और मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा है.
5 सितंबर को फोन कर पताही बुलाने का आरोप
किसलय की मां नीतू देवी के अनुसार, उनके बेटे को अनुकूल नामक युवक ने 5 सितंबर को फोन कर बुलाया था. इसके बाद किसलय घर नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका.
मोबाइल फोन लगातार बंद मिलने के बाद परिजन और अधिक परेशान हो गये. इसके बाद मां ने पुलिस से संपर्क कर अपहरण की आशंका जताते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी.
2019 के 33 किलो सोना लूटकांड में चार्जशीटेड है किसलय
लापता किसलय कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है. वह सदर थाना क्षेत्र के भगवानपुर में वर्ष 2019 में हुए चर्चित मुथूट फाइनेंस के 33 किलो सोना लूटकांड में चार्जशीटेड आरोपित है.
इस मामले में फिलहाल अदालत में ट्रायल चल रहा है. बीते 7 सितंबर को कोर्ट में उसकी पेशी की तारीख भी थी, लेकिन वह अदालत में उपस्थित नहीं हुआ. इसके अलावा उसके खिलाफ रंगदारी, लूट, आर्म्स एक्ट और शराब कारोबार से जुड़े आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गयी है.
चांदनी चौक गैंग की भूमिका की भी जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, किसलय के गायब होने के मामले में चांदनी चौक इलाके के एक बड़े आपराधिक गिरोह की भूमिका की आशंका भी जतायी जा रही है. बताया जा रहा है कि इस गैंग पर पूर्व में एक प्रमुख तेल कारोबारी के अपहरण का आरोप भी लग चुका है.
जांच एजेंसियां इस पहलू पर भी काम कर रही हैं कि क्या किसलय को पुरानी रंजिश या आपसी वर्चस्व की लड़ाई के कारण गायब किया गया है. हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
अनुकूल के घर पुलिस ने की छापेमारी
अहियापुर थानेदार शरत कुमार ने बताया कि मां के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. नामजद आरोपित अनुकूल की तलाश में उसके घर पर पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला और फरार बताया गया.
पुलिस अब अनुकूल समेत मामले से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है.
CDR और मोबाइल लोकेशन से सुराग तलाश रही पुलिस
पुलिस की टेक्निकल टीम किसलय के मोबाइल नंबर का कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR खंगाल रही है. इसके अलावा मोबाइल की लोकेशन और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर भी सुराग जुटाये जा रहे हैं.
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 5 सितंबर को किसलय की किन लोगों से बातचीत हुई थी और आखिरी बार उसका मोबाइल किस इलाके में सक्रिय था.
जल्द मामले का पर्दाफाश करने का दावा
थानेदार शरत कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर किसलय की तलाश की जा रही है.
उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस अपहरण की शिकायत के साथ-साथ पुरानी रंजिश और आपराधिक गिरोह से जुड़े संभावित एंगल की भी जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए