Dry Eye In Muzaffarpur: अगर आंखों में जलन, रेडनेस या पानी आ रहा है, तो इस खबर को नजरअंदाज न करें

ड्राई आई की समस्या लेकर अस्पताल पहुंचे मरीज, फोटो-एआई
Dry Eye In Muzaffarpur: गर्मी और हीट वेव का असर अब आंखों पर भी दिखने लगा है. मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में रोजाना 100 से 150 मरीज ड्राई आई की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं.
मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Dry Eye In Muzaffarpur: डॉक्टरों के अनुसार, तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान आंखों की नमी कम कर रहा है, जिससे जलन, लालपन और पानी आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. सदर अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में तैनात वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एन.डी. साहू ने बताया कि मौसम में बदलाव और हीट वेव जैसी परिस्थितियों के कारण आंखों से जुड़ी समस्याएं बढ़ गई हैं. अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 100 से 150 मरीज ड्राई आई की शिकायत लेकर इलाज कराने पहुंच रहे हैं.
डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज नहीं कराने पर समस्या गंभीर भी हो सकती है.
ड्राई आई के क्या हैं लक्षण?
डॉ. साहू के मुताबिक ड्राई आई से पीड़ित मरीजों में कुछ सामान्य लक्षण देखे जा रहे हैं.
- आंखों में जलन या चुभन होना
- आंखें लाल हो जाना
- आंखों से लगातार पानी आना
- आंखों में सूखापन और असहज महसूस होना
- तेज रोशनी में आंखें खोलने में परेशानी
अगर ऐसे लक्षण लगातार बने रहें तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से जांच करानी चाहिए.
डॉक्टर बोले- खुद से आई ड्रॉप डालना पड़ सकता है भारी
डॉक्टरों ने लोगों को बिना सलाह के आंखों में किसी भी तरह का आई ड्रॉप डालने से बचने की सलाह दी है. उनका कहना है कि कई लोग मेडिकल स्टोर से दवा लेकर खुद ही इलाज शुरू कर देते हैं, लेकिन इससे संक्रमण बढ़ सकता है और आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ सकता है.
आंखों को ऐसे रखें सुरक्षित
डॉक्टरों ने गर्मी में आंखों की सुरक्षा के लिए कुछ जरूरी सुझाव भी दिए हैं.
- दिन में कई बार साफ और ठंडे पानी से आंखें धोएं.
- ठंडे पानी में भीगे मुलायम कपड़े से आंखों की सिकाई करें.
- तेज धूप में निकलते समय सनग्लास का इस्तेमाल करें.
- दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का वाइजर जरूर लगाएं.
- आंखों में कोई परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें.
डॉक्टरों का कहना है कि थोड़ी सावधानी बरतकर गर्मी के मौसम में ड्राई आई जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है.
यह भी पढ़ें: सुबह बहू से हुआ झगड़ा, दोपहर में सास की मौत… गांव वालों ने बेटे पर लगाए गंभीर आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अनिकेत कुमार
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










