सुबह बहू से हुआ झगड़ा, दोपहर में सास की मौत… गांव वालों ने बेटे पर लगाए गंभीर आरोप
वृद्ध महिला की मौत, बेटे पर आरोप लगाते ग्रामीण, फोटो- एआई
Muzaffarpur Crime News: मुजफ्फरपुर के प्रह्लादपुर गांव में 80 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. ग्रामीणों ने बेटे पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि आरोपी ने आरोपों से इनकार किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है.
मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
आपके शहर में
Muzaffarpur Crime News: ग्रामीणों के अनुसार रविवार सुबह शांति देवी और उनकी बहू के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. दोपहर में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
ग्रामीणों ने बेटे पर लगाए हत्या के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि शांति देवी का बेटा और बहू लंबे समय से उनके साथ मारपीट करते थे. यहां तक कि कई-कई दिनों तक उन्हें खाना भी नहीं दिया जाता था. मजबूरी में वह गांव के लोगों से मांगकर भोजन करती थीं. ग्रामीणों का कहना है कि शांति देवी ने कई बार मुखिया और सरपंच से भी शिकायत की थी, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ.
आरोपी बेटे ने क्या कहा?
आरोपी बेटे ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है. उसका कहना है कि रविवार को केवल सास और बहू के बीच मामूली विवाद हुआ था. हालांकि मां की मौत कैसे हुई, इस सवाल पर उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. मृतका की पहचान 80 वर्षीय शांति देवी के रूप में हुई है.
एसएसपी को सूचना देने के बाद पहुंची पुलिस
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची. बाद में शाम करीब चार बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को सूचना देने के बाद मुशहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
डीएसपी पूर्वी-दो मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढे़ं: एलएस कॉलेज प्राचार्य के बेटे के रिसेप्शन में 50 लाख की चोरी, मुख्य आरोपी समेत चार हिरासत में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए