केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय पर फूटा गुस्सा, 5 दिवसीय कार्यप्रणाली को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
5 दिवसीय कार्यप्रणाली को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
देशभर के बैंक अधिकारी और कर्मचारी 5 दिवसीय बैंकिंग प्रणाली सहित अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे. मुजफ्फरपुर में केनरा बैंक के कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन कर सरकार को चेतावनी दी.
Canara Bank Muzaffarpur Protest: पांच दिवसीय बैंकिंग प्रणाली लागू करने सहित अपनी विभिन्न बुनियादी मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार 11 सितंबर को देशभर के बैंक अधिकारी और कर्मचारी एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे. इसी क्रम में मुजफ्फरपुर के गोबरसही स्थित केनरा बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय के समक्ष बैंक कर्मियों और अधिकारियों ने विशाल विरोध प्रदर्शन कर केंद्र सरकार और प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने साफ लहजे में चेतावनी दी कि अब कोरे आश्वासन से बात नहीं बनेगी, सरकार को अंतिम फैसला लेना ही होगा.
गोबरसही में जुटे दर्जनों कर्मी, प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी
गोबरसही स्थित केनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य गेट पर सुबह से ही बैंक कर्मचारियों का जुटना शुरू हो गया था. प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की. विरोध सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि बैंक कर्मचारियों से अत्यधिक काम लिया जा रहा है, जिससे वे भारी मानसिक दबाव और तनाव में काम करने को विवश हैं.
जब मांग मान ली गई तो लागू करने में देरी क्यों?
यूनियन के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व में प्रबंधन और आईबीए के साथ हुई द्विपक्षीय वार्ताओं में 5 दिवसीय बैंकिंग की मांग को सैद्धांतिक रूप से स्वीकार कर लिया गया था. इसके बावजूद सरकार स्तर पर अधिसूचना जारी करने में लगातार टालमटोल की जा रही है. कर्मचारियों ने कहा कि जब भारतीय रिजर्व बैंक और एलआईसी जैसे वित्तीय संस्थानों में सप्ताह में 5 दिन काम होता है, तो सामान्य बैंकों के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है.
आश्वासन नहीं ठोस फैसला चाहिए, चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
वक्ताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब सरकार समय सीमा निर्धारित करे कि मांगों को कब से प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा. कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने तत्काल ठोस अधिसूचना जारी नहीं की, तो इस हड़ताल के बाद पूरे देश में चरणबद्ध आंदोलन और तेज किया जाएगा. आने वाले समय में अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने से भी कर्मचारी पीछे नहीं हटेंगे.
महिला कर्मियों सहित सैकड़ों बैंककर्मियों ने दिखाई एकजुटता
इस विरोध प्रदर्शन में पुरुष कर्मियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों ने भी अपनी भागीदारी निभाई. सभा में सच्चिदानंद सिंह, मनीष, संजय कुमार, रवि प्रकाश, कमलेश कुमार, मुकुंद झा, प्रभात, अनिल, सोनल, सुमन, सीमा, पूजा, दीप्ती, तनु, सोनी, ऋचा और अतुल सिंह सहित भारी संख्या में बैंककर्मी मुख्य रूप से शामिल रहे.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा क्षेत्रीय कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, 5 दिवसीय कार्य प्रणाली लागू करने की मांग
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए