Muzaffarpur: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में दूसरे दिन भी कर्मचारियों की हड़ताल, कामकाज ठप
बीआरए बिहार विश्वविधालय, मुजफ्फरपुर
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही, जिससे विश्वविद्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है. छात्र-छात्राओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है.
BRABU News: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में लंबित मांगों को लेकर कर्मचारियों की हड़ताल बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही. कर्मचारियों के आंदोलन के कारण विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में कामकाज पूरी तरह ठप रहा. विभिन्न कार्यों के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं को बिना काम कराये वापस लौटना पड़ा.
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. उनका आरोप है कि उनकी कई मांगें वर्षों से लंबित हैं, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है. इसी के विरोध में कर्मचारी संगठन ने चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है.
कुलसचिव से वार्ता के बाद भी नहीं बनी बात
कर्मचारियों के आंदोलन को देखते हुए कुलसचिव प्रो. समीर कुमार शर्मा ने कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की. हालांकि, वार्ता के बाद भी कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त नहीं की.
कुलसचिव ने बताया कि एसीएस की पहल पर कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल को पटना चलकर संबंधित स्तर पर अपनी समस्याएं रखने के लिए कहा गया था. हालांकि, कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल उनके साथ पटना जाने के लिए तैयार नहीं हुआ. कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं पर चर्चा के लिए अलग से समय मांगा है.
प्रशासनिक भवन में नहीं हुआ कोई काम
हड़ताल के कारण विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन स्थित विभिन्न विभागों में कामकाज नहीं हो सका. प्रमाणपत्र, दस्तावेज, आवेदन और अन्य विश्वविद्यालयी कार्यों के लिए पहुंचे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस पहल होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा.
कॉलेजों में भी शिक्षक-कर्मचारियों का प्रदर्शन
इधर, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में शिक्षक और कर्मचारियों ने विश्वविद्यालय विधेयक-2026 के विरोध में बुधवार को भी प्रदर्शन किया.
बीआरए बिहार विश्वविद्यालय शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के संयोजक मंडल के सदस्यों डॉ. सुनील कुमार सिंह, प्रो. रमेश प्रसाद गुप्ता, प्रो. ललन कुमार झा, राजीव कुमार और राम कुमार ने आंदोलन में सहयोग के लिए शिक्षक-कर्मचारियों का आभार जताया.
25 अगस्त तक कार्यस्थल पर होगा प्रदर्शन
संघ की ओर से बताया गया कि 25 अगस्त तक शिक्षक और कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर आधे घंटे प्रदर्शन करेंगे. इसके बाद 5 सितंबर को प्रस्तावित विश्वविद्यालय विधेयक के दुष्प्रभावों को लेकर शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और छात्रों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
यह भी पढ़ें
विश्व हाथी दिवस पर न्यू गुरुकुल पब्लिक स्कूल में हाथियों के संरक्षण पर हुई चर्चा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ankit Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










