शौच के लिए निकले 35 वर्षीय युवक की पोखर में डूबने से मौत, सुबह मिला शव
मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
कैथी गांव में एक दुखद घटना सामने आई है जहाँ शौच के लिए घर से निकले 35 वर्षीय युवक बमबम सिंह का शव बुधवार सुबह एक पोखर में तैरता मिला. इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है. युवक को तैरना नहीं आता था और आशंका है कि पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया.
हवेली खड़गपुर : हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के कैथी गांव में पोखर में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. बुधवार की सुबह पोखर में युवक का शव तैरता मिला, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया. ग्रामीणों ने शव को बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान कैथी गांव निवासी योगेंद्र सिंह के पुत्र बमबम सिंह (35) के रूप में हुई है.
शौच के लिए निकले थे घर से
परिजनों के अनुसार, बमबम सिंह मंगलवार की शाम शौच के लिए घर से निकले थे. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी. बुधवार की सुबह ग्रामीणों ने पोखर में उनका शव तैरता देखा. इसके बाद शव को बाहर निकालकर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में चिकित्सक इकबाल शम्सी ने जांच के बाद बमबम सिंह को मृत घोषित कर दिया.
दस दिन पहले ही गांव आये थे
ग्रामीणों के अनुसार, बमबम सिंह दिल्ली में मजदूरी करते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे. करीब दस दिन पहले ही वह अकेले गांव आये थे. उनकी पत्नी और बच्चे फिलहाल दिल्ली में ही रह रहे हैं.
ग्रामीणों ने बताया कि बमबम सिंह को तैरना नहीं आता था. आशंका है कि शौच के दौरान पैर फिसलने से वह पोखर के गहरे पानी में चले गये और डूब गये. उस समय आसपास किसी के मौजूद नहीं रहने के कारण उन्हें समय पर मदद नहीं मिल सकी.
हालांकि, युवक की मौत डूबने से ही हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
दिल्ली में रह रहे परिजनों को दी गयी सूचना
बमबम सिंह के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं. घटना की सूचना दिल्ली में रह रहे परिजनों को दे दी गयी है. परिजन दिल्ली से खड़गपुर के लिए रवाना हो गये हैं.
पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए