बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने आज मुंगेर आएंगे सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी | Prabhat Khabar Network
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मुंगेर का दौरा कर बाढ़ प्रभावित परिवारों का हाल जानेंगे. दोनों नेता राहत शिविरों का जायजा लेंगे और लोगों की समस्याएं सुनेंगे.
मुंगेर : मुंगेर में बाढ़ से प्रभावित और विस्थापित परिवारों का हाल जानने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बुधवार को जिले का दौरा करेंगे. दोनों नेता राहत शिविरों का जायजा लेने के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद कर राहत एवं बचाव व्यवस्था की जानकारी लेंगे. बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का भी जायजा लिया जाएगा.
दोपहर करीब दो बजे शीतलपुर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दोपहर करीब दो बजे सदर प्रखंड के शीतलपुर खेल मैदान में बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे. इसके बाद वे सड़क मार्ग से सीताकुंड स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में संचालित बाढ़ राहत शिविर पहुंचेंगे.
राहत शिविर में मुख्यमंत्री बाढ़ से विस्थापित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उन्हें मिल रही राहत एवं सुविधाओं की जानकारी लेंगे.
राहत और फसल क्षति का लिया जाएगा जायजा
दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की स्थिति और फसल क्षति का भी जायजा लिए जाने की जानकारी है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान और किसानों की स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री लौटेंगे पटना, शिवराज जाएंगे भागलपुर
मुंगेर में कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना लौटेंगे. वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सड़क मार्ग से भागलपुर की ओर रवाना होंगे. उनके कार्यक्रम में भागलपुर के राहत शिविरों और नवगछिया क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेना भी शामिल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए