मुंगेर में रात के अंधेरे में सड़क खोद रहे थे 6 लोग, टेलीफोन तार चोरी की साजिश का खुलासा; ठेकेदार फरार
पुलिस हिरासत में आरोपित. | Prabhat Khabar Network
मुंगेर शहर में देर रात सड़क किनारे खुदाई कर रहे छह लोगों को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा. उनकी मंशा सड़क के नीचे बिछे टेलीफोन के तारों की चोरी करना था. पुलिस ने मौके से कई औजार और वाहन भी जब्त किए हैं.
मुंगेर शहर के अशोक स्तंभ चौक के समीप गुरुवार देर रात सड़क किनारे हो रही खुदाई ने पुलिस को चौंका दिया. रात के अंधेरे में छह लोग कुदाल और गैता से सड़क खोद रहे थे. देखने वालों को लगा कि शायद कोई सरकारी काम चल रहा है, लेकिन पुलिस की जांच में मामला कुछ और निकला. पुलिस के अनुसार, सड़क के नीचे बिछे टेलीफोन के अंडरग्राउंड तार को काटकर चोरी करने की तैयारी की जा रही थी. कोतवाली थाना पुलिस ने मौके से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कथित ठेकेदार फरार हो गया.
आपके शहर में
20 से 25 कुदाल-गैता और तीन वाहन बरामद

पुलिस ने मौके से करीब 20 से 25 कुदाल और गैता समेत खुदाई में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद किये हैं. इसके अलावा एक स्कूटी, पल्सर बाइक और एक टोटो भी पुलिस ने जब्त किया है. बरामद सामान से अंदाजा लगाया जा रहा है कि खुदाई की तैयारी पहले से की गयी थी.
पाइपलाइन काम के दौरान मिली थी तारों की जानकारी!
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि गिरफ्तार आरोपितों में कुछ लोग पूर्व में गैस पाइपलाइन बिछाने के काम से जुड़े थे. इसी दौरान उन्हें शहर के विभिन्न हिस्सों में बिछे टेलीफोन के अंडरग्राउंड तारों की जगह और उनकी गहराई की जानकारी मिली थी. आरोप है कि पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद कुछ मजदूरों ने आपस में मिलकर इसी जानकारी का इस्तेमाल तार चोरी के लिए करना शुरू किया.
पुलिस को शहर के अन्य इलाकों में भी सड़क किनारे खुदाई किये जाने की जानकारी मिली है. अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि इससे पहले कहीं टेलीफोन के तार काटकर चोरी तो नहीं किये गये.
ठेकेदार फरार, छह लोग पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस के पहुंचने से पहले कथित संवेदक मौके से फरार हो गया. गिरफ्तार आरोपितों में सदानंद यादव, मो. कयुम, मो. नजीमुद्दीन, मो. आफताब, मो. आदिल और मो. रकीब जोमिनदर शामिल हैं. वहीं मो. उमर तारण और मो. मोकिद मो. मोसिम के फरार होने की बात पुलिस ने बतायी है. फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है.
अब खुलेगा शहर में तार चोरी का पुराना राज
कोतवाली थानाध्यक्ष राजीव तिवारी ने बताया कि मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से कुदाल, गैता समेत खुदाई के सामान बरामद हुए हैं. पुलिस के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि शहर के किन-किन स्थानों पर पहले टेलीफोन के अंडरग्राउंड तार काटकर चोरी की गयी है. पुलिस फरार कथित ठेकेदार की भी तलाश कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए