बारिश के बाद एनएच-80 पर महाजाम, घंटों थमी वाहनों की रफ्तार
जाम में फंसे वाहन | Prabhat Khabar Network
मुंगेर में मूसलाधार बारिश के बाद निर्माणाधीन NH-80 पर मिट्टी धंसने से लंबा जाम लग गया। कांवरियों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुंगेर. मंगलवार की रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद मुंगेर में राष्ट्रीय उच्च पथों पर यातायात व्यवस्था चरमरा गयी. निर्माणाधीन एनएच-80 और फोरलेन सड़क पर जगह-जगह मिट्टी खिसकने तथा गड्ढे बनने के कारण गुरुवार की सुबह करीब तीन बजे से ही जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. देखते ही देखते बरियारपुर से तेलियातालाब तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जाम के कारण वाहनों के पहिये की रफ्तार थम-सी गयी. बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क के कई हिस्सों में मिट्टी धंसने और सड़क पर गड्ढे बनने से वाहनों के परिचालन में परेशानी हो रही है. तेलियातालाब, नया रामनगर समेत अन्य स्थानों पर सड़क की स्थिति खराब होने के कारण वाहनों को धीरे-धीरे निकाला जा रहा है. जाम का असर एनएच-80 से लेकर श्रीकृष्ण सेतु तक देखने को मिला.
एनएच-333बी पर भी ट्रकों की भिड़ंत से लगा जाम इधर, श्रीकृष्ण सेतु के एप्रोच पथ पर पुलिस चेक पोस्ट के समीप दो ट्रकों की आपसी भिड़ंत हो गयी. दुर्घटना के बाद एनएच-333बी पर भी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गयी और सड़क के दोनों ओर ट्रकों की लंबी कतार लग गयी. एनएच-80 और एनएच-333बी पर एक साथ यातायात प्रभावित होने से स्थिति और गंभीर हो गयी. यातायात पुलिस ने एनएच 333 बी अप्रोच पथ श्री कृष्णा सेतु आवागमन को सुचारू करवा दिया है.
कांवरिया वाहनों की लगी लंबी कतार सावन के कारण बड़ी संख्या में कांवरिया वाहन भी इन मार्गों से गुजर रहे हैं.जाम में सैकड़ों कांवरिया वाहन फंस गये, जिससे शिवभक्तों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे. वहीं, छोटे वाहनों को ट्रैफिक पुलिस की निगरानी में धीरे-धीरे निकाला जा रहा है.
ट्रैफिक पुलिस संभाल रही व्यवस्था यातायात डीएसपी प्रभात रंजन ने बताया कि मंगलवार की रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण निर्माणाधीन सड़क की मिट्टी खिसकने से एनएच-80 पर जाम की स्थिति बनी है. वहीं, एनएच-333बी के श्रीकृष्ण सेतु एप्रोच पथ स्थित पुलिस चेक पोस्ट के समीप दो ट्रकों की टक्कर के कारण भी यातायात प्रभावित हुआ है. वाहनों का परिचालन धीरे-धीरे कराया जा रहा है. ट्रैफिक पुलिस की टीम लगातार मौके पर तैनात है और यात्रियों को सुगम यातायात उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










