बिजली के करंट से 12 वर्षीय छात्र की मौत, घर में काम करने के दौरान हुआ हादसा

Author Saurabh kumar|Edited by Pintu Pranav
Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

मुंगेर जिले में बिजली का करंट लगने से 12 वर्षीय अभिषेक कुमार की दुखद मौत हो गई. घर में बिजली का काम करते समय वह चपेट में आ गया. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

विज्ञापन

मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत खंडबिहारी गांव में बुधवार को बिजली का करंट लगने से 12 वर्षीय छात्र अभिषेक कुमार की मौत हो गई. हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हवेली खड़गपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

घर में बिजली का काम करने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, खंडबिहारी गांव निवासी बुल्लु राम का पुत्र अभिषेक कुमार घर में बिजली से संबंधित कुछ कार्य कर रहा था. इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गया. घटना के समय घर में कोई बड़ा सदस्य मौजूद नहीं था. परिवार के लोग बाजार गए हुए थे, जबकि उसके छोटे भाई-बहन घर के आसपास खेल रहे थे.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण अभिषेक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी.

सातवीं कक्षा का छात्र था अभिषेक

मृतक अभिषेक कुमार स्थानीय सरकारी विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था. वह तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़ा था. उसके पिता हरियाणा में मजदूरी करते हैं और कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.

ALSO READ: सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ युवक का वीडियो वायरल, पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन