जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर शनिवार से सामान्य रफ्तार से चलेंगी ट्रेनें
रेलवे अंडर ब्रिज का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर बाढ़ के कारण ट्रेनों की गति पर लगाई गई रोक हटा ली गई है. गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद सभी रेल पुलों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है. अब ट्रेनें सामान्य 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी.
Jamalpur Bhagalpur Rail Route: गंगा के जलस्तर में लगातार कमी आने के बाद जमालपुर-भागलपुर रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार को लेकर लगायी गयी पाबंदी शनिवार से पूरी तरह हटायी जाएगी. बाढ़ के दौरान रेल पुलों पर पानी के दबाव को देखते हुए रेलवे ने एहतियातन संवेदनशील हिस्सों में ट्रेनों की गति कम कर दी थी. अब रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की जांच में पुल, पिलर और अप्रोच ट्रैक सुरक्षित मिलने के बाद सामान्य परिचालन बहाल करने का निर्णय लिया गया है.
इससे इस रेलखंड से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों के यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. स्पीड कॉशन के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम होने से कई लंबी दूरी की ट्रेनें दो से तीन घंटे तक विलंब से चल रही थीं.
30 से बढ़कर 70 किमी प्रति घंटे हुई थी रफ्तार
पिछले पखवाड़े गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण रतनपुर-बरियारपुर, कल्याणपुर-सुल्तानगंज और सबौर-लैलख-ममलखा के बीच संवेदनशील स्थानों पर रेलवे ने ट्रेनों की रफ्तार सीमित कर दी थी. कुछ स्थानों पर पानी रेलवे पुल के निचले हिस्से और गर्डर तक पहुंचने के बाद सुरक्षा के लिए गति सीमा 30 किमी प्रति घंटे तक कर दी गयी थी. सितंबर के शुरुआती दिनों में भी रेलवे ने इस रेलखंड के संवेदनशील हिस्सों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे तक स्पीड कॉशन लगाया था.
गंगा के जलस्तर में कमी आने के बाद रेलवे ने चरणबद्ध तरीके से गति सीमा बढ़ायी. पहले 30 किमी प्रति घंटे की पाबंदी को बढ़ाकर 50 किमी प्रति घंटे किया गया और इसके बाद शुक्रवार तक संवेदनशील हिस्सों में ट्रेनें 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलायी गयीं.
पुल और अप्रोच ट्रैक की हुई जांच
रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग के विशेषज्ञों ने प्रभावित रेलखंड के पुलों, उनके पिलर और अप्रोच ट्रैक की गहन जांच की. जांच में संरचनाएं सुरक्षित मिलने के बाद स्पीड कॉशन हटाने की प्रक्रिया शुरू की गयी.
बाढ़ की स्थिति के दौरान मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने भी रेलखंड का निरीक्षण किया था. इस दौरान सुरक्षा को लेकर आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था. बाढ़ के दौरान रेलवे पुलों पर चौबीसों घंटे निगरानी और पेट्रोलिंग की व्यवस्था भी की गयी थी.
Jamalpur Bhagalpur Rail Route: अब 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गुजरेंगी ट्रेनें
मालदा रेल मंडल के पीआरओ सुकांत मंडल के अनुसार, फाइनल रिपोर्ट के बाद शनिवार को स्पीड कॉशन पूरी तरह हटा दिया जाएगा. इसके बाद प्रभावित हिस्सों से ट्रेनें अपनी निर्धारित सेक्शनल स्पीड से चल सकेंगी. उपलब्ध रेलवे दस्तावेज के अनुसार भागलपुर-जमालपुर रेलखंड की अधिकतम अनुमत सेक्शनल स्पीड 110 किमी प्रति घंटा है.
स्पीड कॉशन हटने से इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन समय में सुधार की उम्मीद है. खासकर लंबी दूरी की ट्रेनों को धीमी गति से गुजरने के कारण हो रही अतिरिक्त देरी से राहत मिलेगी. हालांकि, रेलवे की ओर से जलस्तर और रेल पुलों की स्थिति पर निगरानी जारी रहेगी.
Also Read: JDU के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे अनंत सिंह, एक मंच पर दिखे नीतीश-निशांत, चल रही है बैठक
Also Read: पटना सिविल कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया जा रहा परिसर, सर्च ऑपरेशन शुरू
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए