बर्ड फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाजरी
Published by : AMIT JHA Updated At : 19 Feb 2026 12:15 AM
हाल के दिनों में जिले में मरे कौओं का मामला सामने आने पर सिविल सर्जन ने सभी प्रखंडों को दिये निर्देश
मुंगेर. एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एडवाजरी जारी की है. वहीं जिले में पिछले दिनों कौओं के मरने का मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ राजू ने सभी प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को एडवाजरी के अनुरूप तैयारी करने का निर्देश दिया है. सिविल सर्जन ने बताया कि एवियन इन्फ्लूएंजा (बर्ड फ्लू) को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से एडवाजरी जारी की गयी है. इसमें बताया गया है कि राज्य के दो जिले भागलपुर एवं दरभंगा में मुर्गियों और कौओं में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है. यह अत्यंत ही संक्रामक वायरस है. इसका संक्रमण पक्षियों एवं मुर्गों से लोगों में फैलने की आशंका होती है. बीते दिनों मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड के तेघरा गांव में भी दर्जनों कौओं के मरे पाये गये थे. हालांकि जांच के दौरान उन कौओं में यह वायरस नहीं पाया गया है, लेकिन पड़ोस के जिले भागलपुर और दरभंगा में इसकी पुष्टि होने के बाद इसे लेकर सजग रहना है. सिविल सर्जन ने बताया कि जहां पक्षी मरे पाये जाते हैं. उसके 10 किलोमीटर परिधि में आने वाली जनसंख्या की मैपिंग कराना है. इसके साथ ही उक्त स्थल से 10 किलोमीटर की परिधि में जितने भी स्वास्थ्य केंद्र हैं. वहां पूरी तैयारी रखेंगे. वहां का एआरई का दैनिक प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे. जबकि उक्त स्थल से तीन किलोमीटर परिधि वाले क्षेत्र की आबादी में संबंधित क्षेत्र के स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की मॉनिटरिंग करेंगे. इसके लिए संबंधित स्वास्थ्य कर्मी को संबंधित प्रखंड द्वारा पीपीई किट, एन-95 मास्क, वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे. जबकि इन आबादी वाले क्षेत्रों में जो भी पशु है. उसकी जांच कर उसे हाई रिस्क की श्रेणी में डालते हुए उनकी जांच पशु चिकित्सक से जांच कराना सुनिश्चित करेंगे. इसके अतिरिक्त जिन क्षेत्रों में मृत मुर्गे या कौवे पाये जाते हैं. उन क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को इस वायरस के प्रति जागरूक करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










