अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा तारापुर

Updated:
विज्ञापन

फोटो- श्रावणी मेला की अंतिम सोमवारी पर तारापुर के रणग्राम स्थित बाबा रत्नेश्वर महादेव मंदिर परिसर में जलाभिषेक के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़.

सावन की अंतिम सोमवारी पर तारापुर के प्रमुख शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा रत्नेश्वर महादेव मंदिर, रणगांव में अप्रत्याशित भीड़ देखी गई, जहां भक्तों ने विधि-व्यवस्था के बीच जलाभिषेक किया।

विज्ञापन

तारापुर (मुंगेर). सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर तारापुर क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक और दर्शन-पूजन का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा. बाबा रत्नेश्वर महादेव मंदिर रणगांव, उल्टा स्थान महादेव मंदिर तारापुर, धौनी ठाकुरवाड़ी, माधोडीह शिव मंदिर, बाबा मनोकामना नाथ महादेव मंदिर तारापुर, बैजू धाम मोहनगंज, राजगुरु शिव मंदिर और सोनडीहा स्थित बाबा रत्नेश्वर महादेव मंदिर में भोर से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं. हर-हर महादेव और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा.

आपके शहर में

विज्ञापन

रणगांव में सबसे अधिक भीड़, पुलिस रही मुस्तैद

अंतिम सोमवारी पर सबसे अधिक भीड़ रणगांव स्थित बाबा रत्नेश्वर महादेव मंदिर परिसर में देखने को मिली. सुबह से ही हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और बाबा का जलाभिषेक किया. अप्रत्याशित भीड़ को नियंत्रित करने में स्थानीय पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी. विधि-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं के लिए जलाभिषेक को सुगम बनाने के लिए पुलिस बल के जवान मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार पर तैनात रहे.

अलग-अलग कतारों में कराया गया जलाभिषेक

बैजू धाम मोहनगंज और बाबा मनोकामना नाथ महादेव मंदिर में महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारों की व्यवस्था की गई. इससे श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन और जलाभिषेक कराया गया. मंदिर परिसरों में पूरे दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही.

श्रद्धालुओं में दिखा अभूतपूर्व उत्साह

अंतिम सोमवारी होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की. मंदिरों के आसपास पूजा सामग्री की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन