मूसलाधार बारिश से उफान पर मनी नदी, जलमग्न हुआ चिराग सेतु, आवागमन पूरी तरह ठप

मूसलाधार बारिश से डूबा पुलिया | Prabhat Khabar Network
हवेली खड़गपुर में भारी बारिश के कारण चिराग सेतु पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित है। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।
Munger Rain Alert: हवेली खड़गपुर में रविवार की पूरी रात हुई भारी बारिश के बाद झील, नहरों और मनी नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ गया. लंबे समय से सूखी पड़ी जलधाराएं भी उफान पर आ गई हैं. बढ़ते जलस्तर के कारण नगर क्षेत्र के नंदलाल बसु चौक और थाना मोड़ के बीच स्थित चिराग सेतु (कॉजवे पुलिया) पूरी तरह जलमग्न हो गया है, जिससे लोगों का आवागमन बाधित हो गया है.
पुल के ऊपर से बह रहा पानी, यातायात बंद
मनी नदी का तेज बहाव चिराग सेतु के ऊपर से गुजर रहा है. इसके कारण पैदल यात्रियों, साइकिल, मोटरसाइकिल और छोटे चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है. लोगों को बाजार, अस्पताल, विद्यालय, थाना और प्रखंड कार्यालय तक पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है.
जलकुंभी और मलबे से बढ़ा पुल पर दबाव
Munger Rain Alert: तेज बहाव के साथ बड़ी मात्रा में जलकुंभी, पेड़-पौधों की टहनियां, झाड़-झंखाड़ और अन्य मलबा पुल पर जमा हो गया है. इससे नदी का जल प्रवाह प्रभावित होने के साथ-साथ पुल पर दबाव भी बढ़ गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात में यही समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया.
नगर परिषद ने शुरू कराया राहत कार्य
स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर परिषद प्रशासन ने जेसीबी मशीन लगाकर चिराग सेतु पर जमा जलकुंभी, टहनियों और अन्य मलबे को हटाने का कार्य शुरू कराया है. प्रशासन का प्रयास है कि नदी का जल प्रवाह सामान्य हो और पुल पर बढ़ रहा दबाव कम किया जा सके. हालांकि जलस्तर अभी भी ऊंचा होने के कारण आवागमन बहाल नहीं हो सका है.
स्थायी समाधान की उठी मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड लगाने और जलस्तर सामान्य होने तक सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. साथ ही भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए चिराग सेतु का उच्चीकरण अथवा नए ऊंचे पुल के निर्माण की मांग भी उठाई है. लोगों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
और पढ़ें: 23 साल पहले रखी गई थी नींव, आज तक नहीं बन सका आचार्य नंदलाल बसु कला शोध संस्थान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










