पांच दिनों से चोरी से परेशान ग्रामीणों ने दिखाई हिम्मत, पांच चोरों को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस को सौंपा

Updated:
विज्ञापन
3. पांच दिनों से गांव में दहशत फैला रहे पांच चोर दबोचे गये

बासुदेवपुर थाने में पकड़े गए चोर. | Prabhat Khabar Network

Munger Theft Gang Arrest :मुंगेर जिले के चुरमबा गांव में पांच चोरों को ग्रामीणों ने चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया. पिछले पांच दिनों से हो रही लगातार चोरियों से परेशान ग्रामीणों की सतर्कता से यह बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अब गिरोह की तलाश में जुटी है.

विज्ञापन

Munger Theft Gang Arrest : मुंगेर जिले के चुरमबा गांव में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच ग्रामीणों की सतर्कता रंग लाई. बुधवार सुबह करीब चार बजे चोरी करने पहुंचे पांच युवकों को ग्रामीणों ने घेरकर पकड़ लिया और वासुदेवपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अब पूरे गिरोह और चोरी के सामान की बरामदगी में जुटी है.

पांच लाख की चोरी के बाद रातभर पहरा दे रहे थे ग्रामीण

चुरमबा गांव निवासी मो. चांद ने बताया कि दो दिन पहले उनके घर से अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 45 हजार रुपये नकद चोरी हो गए थे. चोरी गए सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये आंकी गई थी. घटना के बाद गांव के लोग रातभर जागकर पहरा दे रहे थे.

चोरी करते समय ग्रामीणों ने दबोचा

बुधवार तड़के करीब चार बजे बदमाश एक बार फिर चोरी की नीयत से गांव पहुंचे. एक घर से सामान निकालने के दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई. शोर मचते ही आसपास के लोग जुट गए और घेराबंदी कर पांचों आरोपितों को पकड़ लिया. सूचना पर पहुंची वासुदेवपुर थाना पुलिस सभी को हिरासत में लेकर थाने चली गई.

पूछताछ में कबूली पहले की चोरी

पकड़े गए आरोपितों की पहचान हाजीसुभान निवासी मो. रेहान तथा चुरमबा निवासी मो. सन्नी, मो. रिंकू, मो. हामिद और मो. नन्हे के रूप में हुई है. पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने मो. चांद के घर हुई चोरी में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

डेढ़ लाख में बेचे गहने, जुए में हारने का दावा

आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए गहनों को पूरबसराय थाना क्षेत्र के एक स्वर्णकार को बेच दिया था, जिससे उन्हें करीब डेढ़ लाख रुपये मिले. पूछताछ में उन्होंने यह भी दावा किया कि यह पूरी रकम जुए में हार गए.

एक आरोपित का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित मो. नन्हे का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ दिल्ली में भी मामला दर्ज है. पुलिस के अनुसार उसने वहां सो रहे एक पुलिसकर्मी का पिस्टल चोरी कर लिया था. बाद में दिल्ली पुलिस ने मुंगेर पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया था और हथियार भी बरामद किया था.

पुलिस गिरोह के नेटवर्क की कर रही जांच

वासुदेवपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है. चोरी के गहनों की बरामदगी के साथ-साथ पूरे गिरोह और उसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस चोरी का सामान खरीदने वाले लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है.


विज्ञापन
Birendra Kumar Sing

लेखक के बारे में

By Birendra Kumar Sing

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन