मोतिहारी में सड़क के जलभराव वाले गड्ढे में बैठकर युवाओं का अनोखा प्रदर्शन, घंटों लगा रहा लंबा जाम
मोतिहारी जिले में सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उनमें जमा गंदे पानी के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज युवाओं ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. एक युवक गंदे पानी से भरे गड्ढे में बैठकर भूख हड़ताल पर बैठ गया, जिससे यातायात ठप हो गया.
Motihari Road Protest: मोतिहारी जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर खजुरिया चौक पर बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का धैर्य जवाब दे गया. फ्लाई ओवर ब्रिज के ठीक नीचे सड़क पर बने गहरे गड्ढों और उनमें महीनों से जमा गंदे पानी के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं से नाराज होकर बुधवार को युवाओं का भारी आक्रोश फूट पड़ा. स्थानीय युवाओं ने अरेराज-पटना जाने वाले स्टेट हाइवे 74 और गोपालगंज-पिपरा कोठी पथ को पूरी तरह अवरुद्ध कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया.
Motihari News: गड्ढे के पानी में बैठकर भूख हड़ताल
प्रदर्शन के दौरान विरोध का एक अनोखा और चौंकाने वाला दृश्य देखने को मिला. प्रदर्शनकारी युवाओं में से एक युवक गंदे पानी से लबालब भरे गड्ढे के बीच में ही भूख हड़ताल पर बैठ गया. वहीं, बाकी युवा सड़क पर खड़े होकर प्रशासन और सरकार की लचर व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. युवाओं के इस अप्रत्याशित कदम से मुख्य सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.
अधिकारियों के आने पर ही खानापूरी का आरोप
प्रदर्शन कर रहे युवाओं का सीधा आरोप था कि जब भी इस मार्ग से किसी मंत्री या बड़े आला अधिकारियों का काफिला गुजरना होता है, तब विभाग द्वारा महज खानापूरी करते हुए गड्ढों में हल्की मिट्टी या रोड़े डालकर इसे चलने लायक बना दिया जाता है. वीआईपी मूवमेंट खत्म होते ही दो से चार दिनों के भीतर सड़क दोबारा पहले से भी बदतर गड्ढे में तब्दील हो जाती है. इन जानलेवा गड्ढों में गिरकर आए दिन राहगीर और दोपहिया वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं.
एनएचएआई के आश्वासन के बाद खुला जाम
सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एनएचएआई के अभियंता शशांक कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने आक्रोशित युवाओं से बातचीत की और सड़क की तत्काल मरम्मत करवाकर इसे मोटरेबल बनाने का लिखित भरोसा दिया. अभियंता ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में जलभराव रोकने के लिए इस मार्ग पर स्थायी ड्रेनेज सिस्टम बनाया जाएगा ताकि पानी तुरंत निकल सके. अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद करीब एक घंटे से जारी जाम समाप्त हुआ और यातायात सुचारू हो सका.
यह भी पढ़ें...अगर बैंक में है जरूरी काम तो तुरंत निपटाएं, 3 दिन बैंक शाखाएं बंद नकदी संकट से बचने के लिए पढ़ें यह खबर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए