बकरी का चारा लाने गए युवक की करंट लगने से मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मोतिहारी में बिजली की लापरवाही ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. बकरी का चारा ला रहे युवक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई. उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
Electric Shock Dies: मोतिहारी जिले के शीतलपुर राय टोला स्थित वार्ड नंबर तीन में शनिवार शाम करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान स्थानीय निवासी स्व. रामजी साह के 35 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार साह के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम चंदन बकरी का चारा लाने के लिए गया था, जहां आम के वृक्ष के पास मौजूद विद्युत ट्रांसफार्मर के तार की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
माता-पिता की इकलौती संतान था मृतक चंदन
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. चंदन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था. उसके परिवार में अब उसकी बूढ़ी और लाचार मां के साथ तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि चंदन राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी थी.
सरल स्वभाव के कारण निर्विरोध चुना गया था पंच
मृतक चंदन का मिलनसार और सरल स्वभाव था, जिसके कारण वह अपने क्षेत्र में काफी लोकप्रिय था और निर्विरोध पंच भी निर्वाचित हुआ था. उसकी अचानक मौत के बाद उसके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट आ खड़ा हुआ है. परिवार के एकमात्र कमाने वाले सहारे की मौत के बाद बूढ़ी मां का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग उसके मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित हैं.
पुलिस ने शुरू की आगे की कानूनी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस अप्रत्याशित घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
यह भी पढ़ें... मुजफ्फरपुर डबल मर्डर: हत्या से एक दिन पहले मस्जिद चौक पर दिखा किलर, 1500 CCTV खंगालने के बाद हुआ बेनकाब
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए