त्योहारों से पहले रक्सौल नगर परिषद का बड़ा फैसला, 1000 स्ट्रीट लाइट लगेंगी, बाजारों में दिन में दो बार सफाई
सशक्त स्थाई समिति की बैठक में शामिल कार्यवाहक सभापति
आगामी त्योहारों को देखते हुए रक्सौल नगर परिषद ने शहर की सफाई, रोशनी और अतिक्रमण पर कड़े कदम उठाने का फैसला किया है. 1000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और बाजारों में दिन में दो बार सफाई होगी.
Raxaul News: रक्सौल नगर परिषद की सशक्त स्थायी समिति की बैठक वार्ड नंबर-1 स्थित नगर परिषद के प्रशासनिक कार्यालय में हुई. कार्यवाहक सभापति पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने किया. बैठक में पूर्व निर्धारित पांच एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गयी. आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा को देखते हुए शहर की सफाई, रोशनी और अतिक्रमण नियंत्रण को लेकर कई निर्णय लिए गए.
पांच एजेंडों पर हुई विस्तार से चर्चा
बैठक में नगर परिषद क्षेत्र से जुड़े पूर्व निर्धारित पांच एजेंडों पर समिति के सदस्यों ने चर्चा की. बैठक के दौरान शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर विचार किया गया.
कार्यपालक पदाधिकारी डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए नगर परिषद की ओर से कई आवश्यक व्यवस्थाएं करने का निर्णय लिया गया है. इन फैसलों का उद्देश्य शहर में साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना है.
अतिक्रमण रोकने के लिए रखे जाएंगे नगर प्रहरी
दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान शहर में अतिक्रमण की समस्या पर नियंत्रण के लिए आउटसोर्सिंग एजेंसी के माध्यम से नगर प्रहरी रखने का निर्णय लिया गया है.
नगर प्रहरियों की जिम्मेदारी त्योहारों के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में अतिक्रमण पर निगरानी रखने की होगी. अतिक्रमण करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाने की जिम्मेदारी भी नगर प्रहरियों को दी जाएगी.
बाजारों में दिन में दो बार होगी सफाई
बैठक में शहर के व्यावसायिक क्षेत्रों में दिन में दो बार सफाई कराने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही पूरे नगर परिषद क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को आउटसोर्सिंग के माध्यम से और बेहतर बनाने पर सहमति बनी.
पर्व-त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख इलाकों में लोगों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही गयी.
शहर में लगेंगी 1000 स्ट्रीट लाइट
शहर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए 1000 स्ट्रीट लाइट लगाने का निर्णय भी बैठक में लिया गया. इससे प्रमुख मार्गों और विभिन्न मोहल्लों में रोशनी की व्यवस्था बेहतर करने की योजना है.
इसके अलावा नगर परिषद के आंतरिक राजस्व में वृद्धि के लिए विभिन्न वार्डों में विशेष कैंप लगाने का फैसला लिया गया. इसके लिए पांच सदस्यों की कमेटी गठित की गयी है, जिसमें नगर प्रबंधक अविनाश कुमार राव सहित अन्य सदस्य शामिल हैं.
ट्रेड लाइसेंस और विकास योजनाओं पर भी चर्चा
बैठक में ट्रेड लाइसेंस जारी करने की जिम्मेदारी नगर प्रबंधक को सौंपी गयी. इसके अलावा सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के समक्ष नाला उड़ाही, तिरंगा और हैंड ट्रॉली की खरीद से संबंधित संचिकाओं का अवलोकन कराया गया.
वार्डों के विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का चयन किया गया और आवश्यक मेंटेनेंस कार्यों को भी स्वीकृति दी गयी. बैठक में जितेंद्र दत्ता, रंजीत श्रीवास्तव, वीरेंद्र कुमार सहित सशक्त स्थायी समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए