भूटान के खिलाड़ी को हराकर जीता गोल्ड, खुली जीप में निकला 17 वर्षीय सनी का विजय जुलूस

Updated:
विज्ञापन

रक्सौल स्टेशन पर सनी का स्वागत करते स्थानीय लोग

रक्सौल के 17 वर्षीय सनी कुमार ने काठमांडू में विश्व मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता है. शहर लौटने पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जिसमें खुली जीप में विजय जुलूस निकाला गया. सनी ने भारत के युवाओं के लिए अन्य खेलों में भी प्रोत्साहन की मांग की.

विज्ञापन

Raxaul News: काठमांडू में आयोजित विश्व मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर विश्व चैंपियन बने रक्सौल के 17 वर्षीय सनी कुमार के शहर लौटने पर गुरुवार को जोरदार स्वागत किया गया. दिल्ली से ट्रेन से रक्सौल पहुंचते ही स्टेशन पर युवाओं और खेलप्रेमियों की भीड़ ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया. लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर सनी को जीत की बधाई दी.

आपके शहर में

विज्ञापन

 स्टेशन से खुली जीप में निकला विजय जुलूस

रक्सौल स्टेशन पर स्वागत के बाद सनी कुमार को खुली जीप में बैठाकर शहर के प्रमुख मार्गों से जुलूस के रूप में उनके घर तक ले जाया गया. जुलूस स्टेशन रोड, मेन रोड, आर्य समाज रोड और आश्रम रोड होते हुए मिडिल स्कूल गली पहुंचा.

रास्ते में स्थानीय लोगों ने जगह-जगह रुककर सनी का उत्साह बढ़ाया और उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं. पूरे रास्ते खेलप्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला.

दादा-दादी ने तिलक लगाकर किया स्वागत

घर पहुंचने पर सनी के दादा हरिनारायण और दादी मनोरमा देवी ने तिलक लगाकर पोते का स्वागत किया. इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोग भी मौजूद रहे.

समाजसेवी सुनील कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद रवि गुप्ता और भाजपा महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष सीमा गुप्ता की अगुवाई में सनी का अभिनंदन किया गया. उन्हें मिठाई खिलाने के साथ उपहार भी भेंट किए गए.

भूटान के खिलाड़ी को हराकर जीता स्वर्ण

29 से 31 जुलाई तक काठमांडू में आयोजित विश्व मिक्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप के निर्णायक मुकाबले में सनी कुमार ने भूटान के खिलाड़ी को पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया.

महज 13 वर्ष की उम्र से युद्धक खेलों का अभ्यास शुरू करने वाले सनी मिक्स बॉक्सिंग के अलावा जू-जित्सु, एमएमए, किकबॉक्सिंग और ताइक्वांडो में भी अपनी पहचान बना चुके हैं.

सनी अंतरराष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं. वहीं अबू धाबी में आयोजित एशियाई जू-जित्सु चैंपियनशिप में उन्होंने एशियाई रैंकिंग में पांचवां और विश्व रैंकिंग में 11वां स्थान हासिल किया था. राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में भी उन्होंने स्वर्ण सहित अन्य पदक जीते हैं.

सामान्य परिवार से निकलकर बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान

सनी के पिता अनिल कुमार रक्सौल में छोटी दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. सामान्य परिवार से निकलकर सनी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है.

विश्व चैंपियन बनने के बाद सनी अब देश के लिए और बड़े खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर आगे की तैयारी में जुटने की बात कह रहे हैं.

अन्य खेलों को भी मिले पर्याप्त प्रोत्साहन : सनी

रक्सौल पहुंचने पर सनी कुमार ने कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ और अनुशासित रखने के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी देता है. उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है.

सनी ने कहा कि क्रिकेट की तरह फुटबॉल, मार्शल आर्ट और अन्य खेलों को भी पर्याप्त सुविधाएं और प्रोत्साहन मिले तो देश के खिलाड़ी विश्व स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.

खेलप्रेमियों ने दी बधाई

स्वागत कार्यक्रम के दौरान कमलेश गुप्ता, इरशाद अहमद, संतोष पांडे, अविनाश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में लोग और खेलप्रेमी मौजूद रहे. सभी ने सनी कुमार की उपलब्धि को रक्सौल और पूरे बिहार के लिए गौरव का विषय बताया.

यह भी पढ़ें:मेस में रोटी को लेकर हुआ विवाद, अचानक गर्म तेल से झुलसीं 3 छात्राएं, जानें पूरा मामला


विज्ञापन
मनोज कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By मनोज कुमार गुप्ता

मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन