रक्सौल के आदापुर में पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद के पैतृक आवास में चोरी, एफएसएल जांच शुरू
घटना के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस की टीम.
आदापुर के भेड़िहारी गांव में पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद और पूर्व सांसद रमा देवी के पैतृक आवास में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाई. दो महीने से बंद घर का ताला तोड़कर लाखों के सामान की चोरी की आशंका है. पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है.
Raxaul News: आदापुर थाना क्षेत्र के भेड़िहारी गांव में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने पूर्व मंत्री श्याम बिहारी प्रसाद एवं पूर्व सांसद रमा देवी के पैतृक आवास को निशाना बनाया. चोरों ने घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और विभिन्न कमरों को खंगाला. घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया.
दो महीने से बंद था पूर्व मंत्री और पूर्व सांसद का पैतृक आवास
बताया जाता है कि पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद का पैतृक आवास पिछले करीब दो महीने से बंद था. गृहस्वामी और उनके परिजन किसी कार्य से बाहर थे. घर लंबे समय से बंद रहने का फायदा उठाकर चोरों ने शनिवार रात मुख्य गेट का ताला तोड़ा और घर के अंदर प्रवेश किया.
इसके बाद चोरों ने विभिन्न कमरों में रखे सामान को खंगाला. हालांकि, चोर अपने साथ क्या-क्या सामान ले गए हैं, इसकी फिलहाल स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है.
सफाई करने पहुंचे ग्रामीण को टूटा मिला ताला
रविवार सुबह रोजाना की तरह ग्रामीण भिखारी पटेल घर की साफ-सफाई करने पहुंचे. मुख्य गेट के अंदर लगा ताला टूटा देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई. उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी स्थानीय ग्रामीणों और गृहस्वामी के परिजनों को दी.
चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई.
पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर रंजय कुमार, आदापुर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी और एसआई हरेराम प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने घर के अंदर और आसपास के इलाके का निरीक्षण किया.
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही चोरों के संभावित आने-जाने के रास्तों और घटना से जुड़े अन्य सुरागों की जानकारी जुटाई जा रही है.
जांच के लिए पहुंची एफएसएल की टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला मुख्यालय से एफएसएल की टीम को बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए. फॉरेंसिक जांच के जरिए पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटा रही है.
परिजनों के लौटने के बाद स्पष्ट होगी चोरी की राशि
घर लंबे समय से बंद रहने के कारण फिलहाल चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत का आकलन नहीं हो सका है. परिजनों के वापस लौटने और घर में रखे सामान की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चोर कितने मूल्य का सामान लेकर गए हैं.
पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने जल्द ही घटना का खुलासा करने और संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया है.
यह भी पढ़ें: अगस्त क्रांति का वो दौर, जब मोतिहारी में छात्रों-किसानों ने अंग्रेजों के खिलाफ संभाल ली थी कमान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










