आरपीएफ जवानों को फिंगरप्रिंट जांच का विशेष प्रशिक्षण, रेलवे अपराधों की जांच होगी हाईटेक

प्रशिक्षण देते अधिकारी व उपस्थित पोस्ट कमांडर और पदाधिकारीगण
बापूधाम मोतिहारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को अपराध जांच में अधिक सक्षम बनाने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया गया. एफएसएल विशेषज्ञों ने फिंगरप्रिंट संरक्षण, संग्रहण और वैज्ञानिक जांच की आधुनिक तकनीकों पर जोर दिया.
Motihari News: बापूधाम मोतिहारी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट में अपराध अनुसंधान को अधिक वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के उद्देश्य से विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया. प्रशिक्षण में आरपीएफ अधिकारियों और जवानों को फिंगरप्रिंट संरक्षण, संग्रहण और वैज्ञानिक जांच की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई. पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि इससे रेलवे संपत्ति चोरी सहित अन्य अपराधों की जांच में तेजी आएगी और न्यायालय में वैज्ञानिक साक्ष्य प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी.
एफएसएल विशेषज्ञों ने दिया वैज्ञानिक प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) के विशेषज्ञ अधिकारी शशांक तिवारी और उनकी टीम ने आरपीएफ जवानों को अपराध स्थल से फिंगरप्रिंट सुरक्षित उठाने और संरक्षित करने की प्रक्रिया का विस्तृत प्रशिक्षण दिया. विशेषज्ञों ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की बारीकियों पर भी प्रकाश डाला.
लाइव प्रैक्टिकल में जवानों ने किया अभ्यास
प्रशिक्षण के दौरान एफएसएल टीम ने मौके पर फिंगरप्रिंट विकसित करने का लाइव प्रदर्शन किया. इसके बाद आरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न सतहों से फिंगरप्रिंट विकसित करने, उन्हें सुरक्षित करने और वैज्ञानिक तरीके से संरक्षित करने का व्यावहारिक अभ्यास किया. प्रशिक्षण में सभी जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई.
आधुनिक तकनीक से अपराध जांच होगी मजबूत
विशेषज्ञों ने कांच, लकड़ी और लोहे जैसी विभिन्न सतहों से फिंगरप्रिंट विकसित करने के लिए आधुनिक पाउडर और रासायनिक उपकरणों के उपयोग की जानकारी दी. साथ ही फिंगरप्रिंट की तुलना कर अपराधियों की सटीक पहचान करने और वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
यह भी पढ़ें:मिड-डे मील के लिए स्कूलों को लौटाने होंगे 19 किलो के कमर्शियल सिलिंडर, विभाग ने जारी किया निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










