अगर सड़क किनारे लगाते हैं दुकान या ठेला, तो संभल जाएं, मोतिहारी प्रशासन ने दिया 2 दिन का अल्टीमेटम
बलुआ में अतिक्रमण कार्यों को समझते हैं एसडीओ डीएसपी
मोतिहारी की सड़कों पर लगने वाले भीषण जाम से आम जनता को राहत देने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. बलुआ ओवरब्रिज के नीचे अवैध कब्जे को लेकर दुकानदारों को 2 दिन का अल्टीमेटम दिया गया है. अतिक्रमण न हटने पर एफआईआर दर्ज होगी.
Motihari Traffic Jam: शहर की सड़कों पर हर दिन लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए जिला और पुलिस प्रशासन ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. गुरुवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की एक संयुक्त टीम ने दल-बल के साथ शहर की प्रमुख सड़कों पर उतरकर जाम के प्रमुख कारणों का गहन निरीक्षण किया. इस विशेष जांच अभियान में सदर एसडीओ अरुण कुमार, डीएसपी दिलीप कुमार, नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन, ट्रैफिक थाना के अपर थानाध्यक्ष उदय कुमार और नगर निगम के अधिकारी संयुक्त रूप से शामिल रहे. अधिकारियों ने सड़कों पर अनधिकृत कब्जे को जाम की मुख्य वजह मानते हुए सख्त कार्रवाई की रणनीति तैयार की है.
बलुआ ओवरब्रिज के नीचे सघन निरीक्षण, दो दिन का अल्टीमेटम
अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले शहर के सबसे व्यस्त बलुआ बाजार ओवरब्रिज के निचले हिस्से का मुआयना किया. यहां सड़क और पुल के नीचे अवैध रूप से लगाई गई दुकानों, ठेले-खोमचे और बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए ई-रिक्शा व दोपहिया वाहनों की वजह से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा था. टीम ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और फुटपाथी व्यापारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए दो दिनों के भीतर सार्वजनिक जगहों से अपना अतिक्रमण हटाने का अंतिम निर्देश दिया. प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी.
नहीं हटा अतिक्रमण तो दर्ज होगी एफआईआर
सदर एसडीओ अरुण कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि यदि तय समय के भीतर अतिक्रमणकारियों ने स्वतः कब्जा नहीं हटाया, तो नगर निगम की गाड़ियों और बुलडोजर की मदद से सामान जब्त कर अतिक्रमण हटाया जाएगा. इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और कब्जाधारियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में एफआईआर भी दर्ज की जाएगी. उन्होंने कहा कि शहर को जाममुक्त रखने के लिए यह विशेष अभियान अब नियमित अंतराल पर लगातार चलाया जाएगा ताकि दोबारा सड़कों पर कब्जा न हो सके.
ठेले वालों के लिए बनेगा वेंडिंग जोन, ऑटो चालकों को हिदायत
सड़क किनारे अपनी रोजी-रोटी चलाने वाले छोटे दुकानदारों की आजीविका को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की ओर से अलग वेंडिंग जोन तैयार किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि वेंडिंग जोन का निर्माण पूरा होते ही सभी ठेला संचालकों को उसी तय स्थान पर शिफ्ट किया जाएगा. इससे मुख्य सड़कों पर वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से चल सकेगा. इसके साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे सड़क पर आड़े-तिरछे वाहन खड़ा कर सवारियां न बैठाएं. अधिकारियों ने आम शहरवासियों और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे शहर को सुगम और सुंदर बनाने के लिए प्रशासन के इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए