भ्रष्टाचार के आरोप से बरी होकर तीन महीने बाद कुर्सी पर लौटे वीरगंज मेयर! पदभार संभालते ही अधिकारियों में मची खलबली

Updated:
विज्ञापन

पदभार ग्रहण करने के बाद अपने समर्थकों के साथ मेयर राजेशमान सिंह

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

वीरगंज के मेयर राजेशमान सिंह भ्रष्टाचार के आरोपों से बरी होने के बाद तीन महीने के लंबे अंतराल के बाद अपने पद पर लौट आए हैं. पदभार संभालते ही उन्होंने कर्मचारियों को जनहित के मामलों में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश दिए.

विज्ञापन

Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा से सटे वीरगंज महानगरपालिका के मेयर राजेशमान सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोपों से पूरी तरह मुक्त होने के बाद बुधवार को पूरे लाव-लश्कर के साथ महानगरपालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत दोबारा अपना पदभार ग्रहण कर लिया. विशेष अदालत की ओर से दोषमुक्त करार दिए जाने के बाद उनका तीन महीने लंबा निलंबन स्वतः समाप्त हो गया. लगभग नब्बे दिनों के लंबे अंतराल के बाद कार्यालय पहुंचे मेयर ने कार्यभार संभालते ही स्पष्ट कर दिया कि जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सीधे तौर पर महानगरपालिका के कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली सुधारने और पारदर्शी तरीके से काम करने की सख्त चेतावनी दी.

विज्ञापन

विशेष अदालत ने सबूतों के अभाव में किया बरी

गौरतलब है कि विशेष अदालत ने दो दिन पूर्व ही मेयर राजेशमान सिंह समेत सभी सात आरोपितों को भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों से बाइज्जत बरी करने का फैसला सुनाया था. अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया था कि अभियोजन पक्ष द्वारा दाखिल आरोपपत्र में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए कोई ठोस, पर्याप्त और विश्वसनीय प्रमाण पेश नहीं किए जा सके. इस फैसले के साथ ही मेयर सिंह के ऊपर लगा निलंबन हट गया और वे अपने संवैधानिक दायित्वों को पुनः संभालने के पात्र बन गए.

'जनता को परेशान किया तो नपेंगे कर्मचारी', मेयर की दो टूक

पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित एक विशेष कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेयर राजेशमान सिंह ने नगर निगम कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि महानगरपालिका में राजस्व जमा कराने जैसे सामान्य कामों के लिए आने वाले आम नागरिकों को भी कर्मचारी कई-कई दिनों तक बेवजह दौड़ाते और परेशान करते हैं. ऐसी शिकायतें लगातार उनके पास आ रही हैं. मेयर ने साफ लहजे में कहा कि जनता के टैक्स से वेतन पाने वाले कर्मियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी. उन्होंने सेवा प्रवाह को पारदर्शी, सरल और त्वरित बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि गलत रवैया अपनाने वालों के खिलाफ सीधी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

तीन महीने में प्रभावित हुए विकास कार्य, अब तेजी का संकल्प

मेयर राजेशमान सिंह ने माना कि पिछले तीन महीनों तक उनके पद पर न रहने की वजह से महानगरपालिका के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए हैं. शहर में विकास निर्माण, साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और अनियंत्रित बाजार प्रबंधन की कई योजनाएं ठप पड़ी थीं. उन्होंने कहा कि अब पूरी ऊर्जा के साथ इन सभी रुकी हुई परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा और शहर को सुंदर व व्यवस्थित बनाने का काम युद्धस्तर पर होगा.

इस कार्यक्रम में नेपाल सरकार के पूर्व मंत्री प्रदीप यादव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. उन्होंने कहा कि यह सत्य की जीत है और वीरगंजवासियों के अटूट प्रेम और विश्वास के दम पर ही राजेशमान सिंह एक बार फिर महानगर के मुखिया की जिम्मेदारी संभालने में कामयाब हुए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन